Breaking News

फतेहपुर पुलिसकर्मियों ने सीखा जिंदगी बचाने का हुनर, सीपीआर ट्रेनिंग के साथ रक्तदान के लिए किया जागरूक

फतेहपुर। आपात स्थिति में किसी व्यक्ति की जान बचाने के लिए समय पर उठाया गया एक कदम बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। इसी उद्देश्य से सोमवार को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के मार्गदर्शन में पुलिस लाइंस में सीपीआर प्रशिक्षण एवं रक्तदान जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।

इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, आरोग्य भारती तथा भारत विकास परिषद (ब्रह्मावर्त प्रांत) की विवेकानंद शाखा के तत्वावधान और डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में आपातकालीन सेवा 112 में तैनात पुलिसकर्मियों को सीपीआर का प्रशिक्षण दिया गया।

इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी फतेहपुर के चेयरमैन एवं उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य तथा आरोग्य भारती के जिला सचिव डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने पुलिसकर्मियों को सीपीआर की तकनीक समझाते हुए बताया कि हृदय गति रुकने जैसी आपात स्थिति में तत्काल सीपीआर देने से व्यक्ति की जान बचने की संभावना बढ़ सकती है।

उन्होंने बताया कि एक वर्ष तक के बच्चे में 15 बार छाती पर दबाव देने के बाद दो बार सांस देने की प्रक्रिया अपनाई जाती है, जबकि एक वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्ति के लिए 30 बार छाती पर दबाव और दो बार सांस देने का क्रम अपनाया जाता है।

डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि पुलिसकर्मी अक्सर दुर्घटना, बीमारी या अन्य आपात घटनाओं के दौरान सबसे पहले मौके पर पहुंचते हैं। ऐसे में उन्हें सीपीआर का प्रशिक्षण मिलना किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है।

रक्तदान के प्रति भी किया जागरूक

कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों को रक्तदान के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। डॉ. अनुराग ने बताया कि 18 से 65 वर्ष की आयु का स्वस्थ व्यक्ति निर्धारित अंतराल पर रक्तदान कर सकता है। रक्तदान से पहले हीमोग्लोबिन, रक्तचाप सहित आवश्यक स्वास्थ्य जांच की जाती है और सामान्यतः एक बार में करीब 350 मिलीलीटर रक्त लिया जाता है।

उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

अभियान का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को आपात परिस्थितियों में तत्काल जीवनरक्षक सहायता देने के लिए सक्षम बनाना और समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों ने सीपीआर की प्रक्रिया को समझा और आपात स्थिति में इसके प्रभावी उपयोग की जानकारी हासिल की। कार्यक्रम में इंस्पेक्टर रमेश पटेल सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में 16 सितंबर को लगेगा किसान दिवस, अधिकारियों के सामने सीधे रख सकेंगे खेती-किसानी की समस्याएं

फतेहपुर। किसानों की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए 16 सितंबर को विकास …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *