दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह CM आवास में जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ। दिल्ली CM ने शाम करीब 6 बजे X पर लिखा, ‘जनसुनवाई के दौरान मेरे ऊपर हुआ हमला दिल्ली की सेवा और जनता की भलाई के संकल्प पर कायराना प्रयास है। हमले के बाद सदमे में थी। अब बेहतर महसूस कर रही हूं।’वहीं, भाजपा विधायक हरीश खुराना ने घटना में आम आदमी पार्टी (AAP) के शामिल होने का दावा किया है। उन्होंने सोशल मीडिया साइट X पर गुजरात के AAP विधायक गोपाल इटालिया के साथ आरोपी की फोटो शेयर की। खुराना ने पोस्ट में लिखा- ‘जिसका शक था वही हुआ। अरविंद केजरीवाल के खास गोपाल इटालिया के साथ फोटो बहुत कुछ कह रही है। रेखा गुप्ता जी के ऊपर हुए हमले का कनेक्शन AAP से जुड़ता है। केजरीवाल जी प्लीज एक्सप्लेन- यह रिश्ता क्या कहलाता है।’ आरोपी राजेशभाई खीमजीभाई सकरिया (41) गुजरात के राजकोट का रहने वाला है। उस पर हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया गया है। दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा- दिल्ली को एक ऐसी मुख्यमंत्री मिली है जो रोजाना अपने आवास पर जनसुनवाई कर रही हैं। दिल्ली-NCR से रोजाना 1000-2000 लोग CM के पास आते थे। आज जो हुआ वह बेहद निंदनीय है। हम मुख्यमंत्री से मिले, वह घायल थीं। उनकी MLC की गई। उन्होंने कहा- हमें पता चला है कि आरोपी व्यक्ति पिछले 24 घंटों से सीएम की रेकी कर रहा था, उसने गुप्ता के शालीमार बाग स्थित घर की भी रेकी की। रात सिविल लाइंस में भी गुजारी, ताकि वह मुख्यमंत्री से मिल सके। आज जब वह आया, तो उसके हाथ में कोई कागज नहीं था। उसने सीएम से मिलते ही हमला किया। CM के हाथ-पैर और सिर में चोट आई है। 30 नवंबर 2024 को दिल्ली के ग्रेटर कैलाश इलाके में केजरीवाल पर एक शख्स ने पानी फेंका था। समर्थकों ने मौके पर ही आरोपी की पिटाई कर दी थी। दिल्ली पुलिस ने बताया था कि आरोपी का नाम अशोक झा है और वह खानपुर डिपो में बस मार्शल के पद पर तैनात है। मार्च 2022 में गुजरात दौरे पर गए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर किसी ने प्लास्टिक की बोतल फेंकी थी। हालांकि, केजरीवाल को बोतल लगी नहीं थी। पीछे से फेंकी गई बोतल उनके ऊपर से होते हुए दूसरी तरफ निकली थी। जिस जगह यह घटना हुई, वहां भीड़ थी इसलिए बोतल फेंकने वाले का पता नहीं चल सका था।
