Breaking News

कौशांबी में बड़ा हादसा: LPG टैंकर टोल प्लाजा से टकराया, भीषण विस्फोट के बाद लगी आग, 5 की हालत गंभीर

कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जनपद में शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। कोखराज थाना क्षेत्र स्थित सिहोरी टोल प्लाजा पर तेज रफ्तार LPG गैस टैंकर अनियंत्रित होकर टोल प्लाजा से टकरा गया। टक्कर के तुरंत बाद गैस रिसाव हुआ और जोरदार धमाके के साथ भीषण आग लग गई। हादसे में 7 लोग घायल हुए, जिनमें 5 टोल कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। उनकी हालत नाजुक होने पर उन्हें प्रयागराज रेफर किया गया है, जबकि दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टैंकर कानपुर से प्रतापगढ़ की ओर जा रहा था। ओवरटेक करने के दौरान चालक नियंत्रण खो बैठा और टैंकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे के बाद चालक और परिचालक वाहन से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
हादसे के बाद उठीं आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई देता रहा। आग इतनी भीषण थी कि कोई भी व्यक्ति टैंकर के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। टोल प्लाजा के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिले की सभी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा की दृष्टि से राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात तत्काल रोक दिया गया। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल कराया गया।
टोल कर्मचारी संजय निर्मल ने बताया कि हादसे से कुछ मिनट पहले हल्की बारिश हुई थी। अचानक तेज आवाज के साथ टैंकर पलट गया और गैस रिसने लगी। कुछ ही क्षणों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग टोल प्लाजा के यार्ड और शौचालय तक फैल गई, जिससे यार्ड में खड़ी कर्मचारियों की 16 से अधिक मोटरसाइकिलें और 2 कारें जलकर राख हो गईं। शौचालय में मौजूद सुपरवाइजर आलोक पांडे भी गंभीर रूप से झुलस गए।
पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में टक्कर के बाद गैस रिसाव होने से विस्फोट और आग लगने की बात सामने आई है। घटना के वास्तविक कारणों की जांच के लिए डीएसओ एवं तकनीकी टीम को मौके पर बुलाया गया है। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है।
हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

About NW-Editor

Check Also

न आवाज़, न विरोध – बेजुबान युवती से दरिंदों की हैवानियत, दो आरोपी गिरफ्त में

  चरवा कोतवाली के एक ईंट-भट्ठे पर परिजनों संग मूक बघिर युवती से रविवार की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *