न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। पुलिस पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान और उनके कल्याण को लेकर 24 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने पेंशनर्स की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान पेंशनर्स ने पेंशन, चिकित्सा सुविधाओं, पारिवारिक पेंशन, लंबित प्रकरणों तथा अन्य व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। अधिकारियों ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित शाखाओं और अधिकारियों को प्रत्येक मामले का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आश्वस्त किया कि पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी और अनावश्यक देरी नहीं होने दी जाएगी।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी सम्मानित
पुलिस पेंशनर्स के कल्याण, उनके हितों की रक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए लगातार सराहनीय योगदान देने वाले पदाधिकारियों को बैठक के दौरान सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उनके कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी पुलिस परिवार के प्रति उनका समर्पण और सहयोग प्रेरणादायी है।
साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने पेंशनर्स को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी फोन कॉल और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी या अन्य संवेदनशील विवरण साझा नहीं करने चाहिए। साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई।
बैठक में पेंशनर्स के सुझावों को भी गंभीरता से सुना गया। अधिकारियों ने पुलिस विभाग और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की प्रतिबद्धता जताई।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह, प्रतिसार निरीक्षक बेलास यादव सहित पुलिस पेंशनर्स मौजूद रहे।
News Wani
