बांदा। जिले में महिलाओं के आभूषण छीनने की घटना का खुलासा करते हुए कोतवाली देहात पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया मंगलसूत्र और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच की।
पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर को कोतवाली देहात क्षेत्र में एक महिला अपने परिवार के साथ ई-रिक्शा से कालूकुआं चौराहे से घर जा रही थी। इसी दौरान महोखर चौराहे के पास अपाचे मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात लोगों ने झपट्टा मारकर महिला का मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़ित परिवार की ओर से 22 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कीं। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मुखबिरों से जानकारी जुटाई गई। इसके आधार पर पुलिस ने बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे की सर्विस लाइन के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे मोटरसाइकिल से सुनसान स्थानों पर महिलाओं को निशाना बनाकर उनके मंगलसूत्र और चेन छीनते थे। पुलिस के मुताबिक, इस वारदात में कुल चार आरोपी शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
प्रकाश पुत्र कल्लू, निवासी मुक्तिधाम क्योटरा, थाना कोतवाली नगर, बांदा।
विवेक उर्फ अमित पुत्र रामरूप, निवासी मुक्तिधाम क्योटरा, थाना कोतवाली नगर, बांदा।
फरार आरोपी
अंशु पुत्र मूलचन्द्र, निवासी मुक्तिधाम क्योटरा, थाना कोतवाली नगर, बांदा।
शाहरुख उर्फ दानिश पुत्र रहमान, निवासी मुक्तिधाम क्योटरा, थाना कोतवाली नगर, बांदा।
पुलिस ने इस मामले में मु0अ0सं0 283/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2)/317(2) में मुकदमा दर्ज किया है।
News Wani
