– तीन चरणों में सम्पन्न होगा कार्यक्रम, डीएम ने की तैयारी बैठक
– हर घर तिरंगा कार्यक्रम को लेकर बैठक करते डीएम रविन्द्र सिंह।
फतेहपुर। हर घर तिरंगा कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन की तैयारियों के संबंध में कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक सम्पन्न हुई। शासन की मंशानुरूप हर घर तिरंगा कार्यक्रम तीन चरणों में सम्पन्न होगा। जिसमें प्रथम चरण दो अगस्त से आठ अगस्त तक, द्वितीय चरण नौ अगस्त से बारह अगस्त एवं तृतीय चरण तेरह अगस्त से पन्द्रह अगस्त तक है। उन्होंने कहा कि उक्त अवधि में हर घर तिरंगा कार्यक्रम को दिव्य और भव्य तरीके से सम्पन्न कराया जाये। संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करते हुए सभी तैयारियां समय से पूर्ण कराते हुए निर्धारित तिथियों में हर घर तिरंगा कार्यक्रम की सभी गतिविधियों को आयोजित कराया जाये। डीएम ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य है कि नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और तिरंगे के साथ व्यक्तिगत और भावनात्मक संबंध बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि विद्यालयों में तिरंगा से संबंधित रंगोली, पेंटिंग प्रतियोगिता आदि का आयोजन कराया जाये। साथ ही हर घर तिरंगा से संबंधित अन्य गतिविधियां भी सम्पन्न कराई जाये। उन्होंने अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत, जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि सार्वजनिक स्थलों व बाजारों में तिरंगे से प्रदर्शित लाइट, तिरंगे धागोंयुक्त तिरंगा बुनाई और धागे की गतिविधियों व होर्डिंग प्रदर्शित कराई जाये। साथ ही हर घर तिरंगा भी लगवाया जाये। उन्होंने कहा कि तिरंगा प्रदर्शनी का भी आयोजन कार्यालयों व सार्वजनिक स्थलों पर किया जाये। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि में तिरंगा मेला (सरस मेला) व तिरंगा रैली, प्रदर्शनी भी आयोजन कराया जाये। डीसी एनआरएलएम को निर्देशित किया कि समूहों के माध्यम से तिरंगा राखी बनवाकर सैनिकों व पुलिस कर्मियों को आभार पत्र लिखकर डाक विभाग से समन्वय बनाकर समय से राखियां भेजना सुनिश्चित करे एवं तिरंगे झण्डे का निर्माण निर्धारित मानक व मापदंड के अनुसार ही बनवाए जाय। उन्होंने कहा कि झण्डे को फहराना व लगाना झण्डा संहिता का अनुपालन करते हुए कराया जाये। साथ ही झण्डे का सम्मान के साथ लगाया व उतारा जाय। उन्होंने कहा कि नागरिकगणो को तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर वेबसाइट पर अपलोड करने के लिए प्रोत्साहित भी किया जाये। इस अवसर मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) डॉ0 अविनाश त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुनील कुमार, जिला विकास अधिकारी साधना दीक्षित, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 राजीव नयन गिरि, डीसी एनआरएलएम, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, जिला कार्यक्रम अधिकारी, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत सहित संबंधित उपस्थित रहे।
