– यूपीएसआईडीए में प्लॉट पजेशन व नो-एंट्री व्यवस्था पर जताई नाराजगी
– बैठक में भाग लेते यूपी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की जिला इकाई के पदाधिकारी।
फतेहपुर। जिले के उद्यमियों व व्यापारियों की समस्याओं को लेकर यूपी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन जिला इकाई की बैठक शनिवार को वीआईपी रोड स्थित हाइड एक रेस्टोरेंट में जिलाध्यक्ष नारायण बाबू गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में उद्योग जगत से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीर मंथन किया गया और उन्हें शासन-प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाकर समाधान कराने का भरोसा दिलाया गया। बैठक में बड़ी संख्या में उद्यमियों की मौजूदगी ने संगठन की एकजुटता का संदेश दिया। मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कोषाध्यक्ष आनंद गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह पटेल व प्रदेश प्रभारी मनीष गुप्ता मौजूद रहे। प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह पटेल ने कहा कि यूपी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन प्रदेश के प्रत्येक उद्यमी की आवाज बनकर उनके हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रहा है। संगठन का उद्देश्य उद्योगों के विकास में आने वाली हर बाधा को शासन और प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाना है। प्रदेश कोषाध्यक्ष आनंद गुप्ता ने कहा कि किसी भी जिले के औद्योगिक विकास के लिए उद्यमियों का संगठित होना बेहद आवश्यक है। संगठन केवल समस्याओं को उजागर करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उनके स्थायी और व्यावहारिक समाधान तक निरंतर प्रयास करेगा। प्रदेश प्रभारी मनीष गुप्ता ने कहा कि बैठक में उठाई गई सभी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों एवं शासन स्तर तक गंभीरता के साथ पहुंचाया जाएगा, ताकि उद्यमियों को राहत मिल सके और उद्योगों के विकास का अनुकूल वातावरण तैयार हो। अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष नारायण बाबू गुप्ता ने कहा कि जिले के औद्योगिक विकास और उद्यमियों के हितों की सुरक्षा संगठन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा की जा रही अनावश्यक कार्रवाई और उत्पीड़न से उद्यमियों में भारी असंतोष व्याप्त है। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र में आवंटित प्लॉटों का लंबे समय से कब्जा (पजेशन) न मिलना भी गंभीर समस्या बनी हुई है। उन्होंने राधानगर क्षेत्र में लागू नो-एंट्री व्यवस्था से उद्योग एवं व्यापार पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। संचालन जिला महामंत्री अभिषेक कुमार ने किया। बैठक में फारूक, अंकित पटेल, मनोज गुप्ता, शिवम साहू, विजय गुप्ता, मजहर अहमद, दीपक साहू, राजू अग्रहरि, संतोष अग्रहरि, सुरेंद्र मौर्य, दीनू पटेल मौजूद रहे।

News Wani