Breaking News

मुंबई लोकल में युवती से अभद्रता का विरोध पड़ा भारी, आरोपी ने दिया धक्का; गंभीर रूप से घायल पीड़िता का हाथ कटा

मुंबई। मुंबई की लोकल ट्रेन में महिला सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। ट्रेन में सफर के दौरान छेड़छाड़ का विरोध करने पर 20 वर्षीय युवती के साथ मारपीट और धक्का देने का आरोप लगा है। घटना में युवती ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में उसका बायां हाथ कट गया, जबकि सिर में गंभीर चोट आने के कारण 16 टांके लगाने पड़े। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, घटना 4 नवंबर की है। युवती गोरेगांव से नायगांव जाने के लिए लोकल ट्रेन में सवार हुई थी। इसी दौरान जितेंद्र हिरमुखे नाम के युवक पर उसके साथ गलत व्यवहार और छेड़छाड़ करने का आरोप है। युवती ने जब इसका विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि युवती के विरोध करने के बावजूद आरोपी ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। नायगांव स्टेशन पर ट्रेन रुकने के बाद भी विवाद जारी रहा। इसी दौरान आरोपी ने युवती को धक्का दे दिया, जिससे वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच नीचे गिर गई। इसके बाद ट्रेन की चपेट में आने से उसका बायां हाथ कट गया और सिर में भी गंभीर चोट आई।

पीड़िता ने वीडियो में सुनाई आपबीती

घटना के बाद पीड़िता ने वीडियो के माध्यम से अपनी आपबीती बताई। उसने आरोप लगाया कि ट्रेन में सफर के दौरान युवक उसे गलत तरीके से छू रहा था। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज और मारपीट की। युवती ने बताया कि वह अपने परिवार की जिम्मेदारी संभालती थी, लेकिन इस घटना ने उसकी जिंदगी को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

मामले में रेलवे पुलिस ने आरोपी जितेंद्र हिरमुखे को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 117 समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

परिवार ने हत्या के प्रयास की धारा लगाने की मांग की

पीड़िता के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। परिवार का कहना है कि जिस तरह युवती को धक्का दिया गया और वह ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हुई, उसे देखते हुए आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास से संबंधित धारा 109 भी लगाई जानी चाहिए।

इस संबंध में परिजनों ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के पदाधिकारियों के साथ रेलवे पुलिस के वरिष्ठ निरीक्षक से मुलाकात की। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी धाराएं जोड़ी जाएंगी।

About NW-Editor

Check Also

मुंबई में बम धमाकों की धमकी से बढ़ी सुरक्षा चिंता; अमिताभ का बंगला और दिलजीत का कॉन्सर्ट निशाने पर; पुलिस जांच में जुटी

मुंबई। मुंबई में 23 अक्टूबर को मिले धमकी भरे ईमेल के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *