इटावा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के पर्यवेक्षण में पुलिस को चोरी की बड़ी घटना का खुलासा करने में उल्लेखनीय सफलता मिली है। थाना कोतवाली पुलिस व एसओजी, सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए पीसीआर पुलिस कस्टडी रिमाण्ड पर लिये गये अभियुक्त फहीम उर्फ बिहारी पुत्र शमशेर निवासी मोहल्ला गाड़ीपुरा की निशानदेही पर करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने व चाँदी के आभूषण बरामद कर लिये। घटना 27 नवंबर 2025 की है। जब निशान्त राज पुत्र रतन चन्द्र निवासी 33 गाड़ीपुरा ने थाना कोतवाली पर तहरीर देते हुए बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर से सोने व चाँदी के आभूषण चोरी कर ले गये हैं। तहरीर पर थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 279/2025 धारा 305(ए)/331(4)/317(2) बीएनएस पंजीकृत किया गया। घटना के अनावरण हेतु एसएसपी द्वारा विशेष निर्देश दिये गये, जिसके तहत 10 दिसंबर को थाना कोतवाली पुलिस ने अभियुक्त फहीम उर्फ बिहारी को कस्टडी रिमाण्ड पर लेकर विस्तृत पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी किये गये आभूषणों को छिपाने के स्थानों का खुलासा किया। जिस पर पुलिस टीम ने दबिश देकर सोने व चाँदी के बहुमूल्य आभूषण बरामद कर लिये। सोने का हार, 02 सोने के कड़े, 02 बड़ी व 04 छोटी चूड़ियाँ, 02 ब्रैसलेट, 02 अंगूठियाँ, सुई-धागा सेट, टॉप्स, नथूनी, चाँदी की कर्धनी, हाथफूल, पायल, बिछिया, चाँदी के 27 सिक्के व 01 लोहे का पाइप सहित कुल 18 प्रकार का सामान बरामद हुआ। अभियुक्त फहीम उर्फ बिहारी चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट व अन्य धाराओं में पहले भी कई मुकदमों में नामजद रहा है। उसके विरुद्ध 05 अभियोग पंजीकृत है। पुलिस टीम एसओजी, सर्विलांस की संयुक्त टीम तथा थाना कोतवाली पुलिस टीम, जिसमें निरीक्षक यशवंत सिंह (प्रभारी थाना कोतवाली) व अन्य कर्मचारी शामिल रहे, ने इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की यह कार्रवाई जिले में चोरी की घटनाओं पर रोकथाम के प्रति उनकी सक्रियता और तत्परता का परिचायक है।

News Wani