फतेहपुर। उत्तर प्रदेश पंचायती राज विभाग द्वारा जनपद फतेहपुर की ग्राम पंचायत सुजानपुर (बहुआ देहात) को एक आदर्श महिला हितैषी ग्राम पंचायत के रूप में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत किया गया है। विभाग के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स एक्स (ट्विटर), फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से ग्राम प्रधान हेमलता पटेल के नेतृत्व में हुए शैक्षिक, सामाजिक एवं ढांचागत विकास कार्यों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है।
प्रसारित वीडियो और पोस्ट में यह दर्शाया गया है कि किस प्रकार एक शिक्षित, कर्मठ और दूरदर्शी महिला प्रधान के नेतृत्व में ग्राम पंचायत सुजानपुर ने जनपद की प्रथम महिला हितैषी पंचायत होने का गौरव प्राप्त किया है। हेमलता पटेल के नेतृत्व में गांव की बुनियादी सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
महिलाओं के सशक्तिकरण की मिसाल बनी सुजानपुर पंचायत पंचायती राज विभाग द्वारा साझा की गई सामग्री में महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, सरकारी विद्यालयों के कायाकल्प, स्वास्थ्य शिविरों के सफल आयोजन और सामाजिक सहभागिता को मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया गया है। विभाग ने यह संदेश दिया है कि “सशक्त महिला नेतृत्व ही सशक्त पंचायत की मजबूत नींव है।”
ग्रामवासियों में खुशी का माहौल
विभाग द्वारा की गई इस सराहना के बाद ग्राम पंचायत सुजानपुर में उत्साह और गर्व का माहौल है। ग्राम प्रधान हेमलता पटेल ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा,
“यह सम्मान मेरा व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सुजानपुर की हर महिला और हर उस ग्रामीण का है जिसने विकास की इस यात्रा में मेरा साथ दिया। प्रदेश सरकार और पंचायती राज विभाग द्वारा हमारे कार्यों को सराहा जाना हमें और अधिक ऊर्जा के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
इस उपलब्धि पर समस्त ग्रामवासियों और क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों ने ग्राम प्रधान हेमलता पटेल को बधाई देते हुए पंचायती राज विभाग का आभार व्यक्त किया है।
News Wani
