फतेहपुर। दीपावली की खुशियां हर घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से भोजन जन सेवा समिति ने गुरुवार को जरूरतमंद बच्चों के बीच त्योहार से जुड़ी सामग्री का वितरण किया। चित्रांश नगर स्थित बिरसा मुंडा संस्कारशाला में शिक्षा ग्रहण कर रहे कांशीराम कॉलोनी और विनोबा नगर के गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों को खाद्य सामग्री सहित त्योहार में उपयोग होने वाली आवश्यक वस्तुएं प्रदान की गईं। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
समिति की ओर से पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी दीपावली के अवसर पर यह सराहनीय पहल की गई। समिति का उद्देश्य है कि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी गरीब और असहाय परिवार की दीपावली की खुशियां फीकी न पड़ें तथा समाज के वंचित एवं जरूरतमंद लोगों तक भी त्योहार की खुशियां पहुंचें।
समिति के सदस्यों ने कहा कि त्योहारों की सार्थकता तभी है, जब हम अपनी खुशियों में जरूरतमंदों को भी शामिल करें। भोजन जन सेवा समिति पिछले कई वर्षों से इसी सेवा भावना के साथ गरीब, असहाय और निराश्रित परिवारों की मदद के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
इस अवसर पर कुमार शेखर, मनीष केशरवानी, अंकित वर्मा, शैलेश साहू, सोनम भास्कर, सागर कुमार, रमेश सिंह, दीपक अग्रहरि, नरेश अग्रहरि, सपना सिंह, राघवेंद्र अग्रहरि, यतीश रायजादा, अंकिता सिंह एवं आचार्य राम नारायण सहित अन्य सहयोगी मौजूद रहे।
News Wani
