फतेहपुर। जिला गंगा समिति की ओर से गंगा उत्सव के अवसर पर गुरुवार को लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज पनी और विपिन राज कॉन्वेंट स्कूल की छात्राओं ने रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं ने गंगा नदी को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने का संदेश दिया।
जिला गंगा समिति की ओर से ओम घाट पर गंगा आरती का आयोजन किया गया। गंगा उत्सव के तहत डीएफओ जीडी मिश्रा के निर्देशन में विभिन्न विद्यालयों में रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता के साथ गंगा स्वच्छता रैली भी निकाली गई।
कार्यक्रम के दौरान लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज पनी और विपिन राज कॉन्वेंट स्कूल के छात्र-छात्राओं को डीपीओ ज्ञान तिवारी एवं नमामि गंगे के संयोजक शैलेन्द्र शरण सिंपल ने स्वच्छता की शपथ दिलाई।
इस मौके पर जेल पर्यवेक्षक विपिन बिहारी शरण ने कहा कि गंगा नदी हमारी जीवनदायिनी है। इसे स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को आगे आकर अविरल गंगा और निर्मल गंगा का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में आशीष मिश्रा, रवि कुमार, लीना श्रीवास्तव, जुबेरिया, सदफ फातिमा, प्रतिभा, शाइस्ता, अब्दुल कुद्दूस, अंशुमान, सर्वेश श्रीवास्तव, यश तिवारी और सुरेंद्र पाठक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
News Wani
