Breaking News

फतेहपुर में धान की पैदावार का हुआ आकलन, क्रॉप कटिंग में प्रति हेक्टेयर 57 क्विंटल उपज दर्ज

फतेहपुर। धान की वास्तविक उत्पादकता का आकलन करने के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने सदर तहसील के तेलियानी ब्लॉक अंतर्गत कसरेवा गांव में क्रॉप कटिंग का प्रयोग कराया। उन्होंने कृषक मंजूरा देवी पत्नी रामबाबू के खेत (गाटा संख्या 638) में अपनी मौजूदगी में 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में धान की फसल की कटाई और मड़ाई कराई।

क्रॉप कटिंग के दौरान कुल 24.33 किलोग्राम धान की उपज प्राप्त हुई। इसके आधार पर धान की औसत उत्पादकता 57 क्विंटल प्रति हेक्टेयर आंकी गई।

जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद किसानों से बातचीत कर फसल उत्पादन एवं कृषि उत्पादकता की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ नकदी फसलों और औद्यानिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही जैविक खेती पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसान खेती के आधुनिक एवं उन्नत तरीकों को अपनाकर उत्पादन और आय बढ़ाने की दिशा में प्रयास करें।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्रॉप कटिंग से प्राप्त उपज का सही आकलन शासन द्वारा निर्धारित ऐप पर अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए, ताकि जनपद की वास्तविक कृषि उत्पादकता के आंकड़े तैयार किए जा सकें।

इस अवसर पर तहसीलदार सदर, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, राजस्व लेखपाल, अपर सांख्यिकी अधिकारी, ग्राम प्रधान सहित क्षेत्रीय किसान मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

बोलेरो से टक्कर के बाद बेकाबू हुआ ट्रैक्टर, पहिए के नीचे दबकर युवक की मौत

फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के हसनापुर गांव के समीप बुधवार रात ट्रैक्टर अनियंत्रित हो जाने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *