फतेहपुर। जिले की विभिन्न जनसमस्याओं और प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ गुरुवार को गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की महिलाओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में गुलाबी साड़ी पहनकर और हाथों में डंडे लेकर पहुंचीं सैकड़ों महिलाओं ने भ्रष्टाचार और अव्यवस्थाओं के खिलाफ आवाज बुलंद की। इसके बाद जिलाधिकारी को सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से बहुआ ब्लॉक के सुजानपुर बहुआ देहात सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत बनाई गई पानी की टंकियों को चालू कराने और खोदी गई सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की गई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित पात्र गरीबों की निष्पक्ष जांच कराकर उन्हें लाभार्थी सूची में शामिल करने की मांग उठाई गई।
संगठन ने फतेहपुर-बांदा सागर मार्ग स्थित जिंदपुर टोल प्लाजा पर राहगीरों के साथ अभद्रता और ओवरलोडिंग के नाम पर कथित अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग भी की। महिलाओं ने कहा कि शहर में जाम और दुर्घटनाओं का कारण बन रहे जर्जर बिजली के खंभों को हटाया जाए। पटाखा मंडी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और दुकानदारों का उत्पीड़न बंद कराया जाए।
इसके अलावा थानों में महिलाओं और पीड़ितों की शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई। जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और बहुआ पीएचसी में बाहर की दवाएं लिखने तथा मरीजों से कथित अवैध वसूली की शिकायतों पर भी रोक लगाने की मांग उठाई गई।
प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष सरला सिंह, मीना सिंह, संगीता, सरिता, राजरानी, सुमन, सत्यवती, गुड्डी, संयोगिता, रजिया, साजिदा, सतून, शहरून और उर्मिला सहित संगठन की सैकड़ों महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
News Wani
