बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पत्नी के मायके जाने से नाराज एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी, सास और ससुराल के पांच अन्य सदस्यों की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतकों में सात साल का मासूम बच्चा भी शामिल है। इस सामूहिक हत्याकांड के सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान शेखर के रूप में हुई है, जो पेशे से कैब चालक बताया जा रहा है। उसकी शादी करीब 20 साल पहले सुनीता से हुई थी। शुरुआती जांच में पता चला है कि पति-पत्नी के बीच सुनीता के बार-बार मायके जाने को लेकर विवाद होता रहता था। सुनीता की मां और भाई भी उसका समर्थन करते थे, जिससे आरोपी उनसे नाराज रहता था।
पत्नी की हत्या के बाद परिवार को बनाया निशाना
जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले अपनी पत्नी सुनीता की घर में सिलबट्टे से हत्या कर दी। इसके बाद शव को कपड़े में लपेटकर नंदी हिल्स के पास फेंक दिया। वारदात छिपाने के लिए उसने पत्नी का मोबाइल फोन बंद कर दिया और आसपास के लोगों को बताया कि वह घूमने गई है।
आरोप है कि इसके अगले दिन शेखर ने अपने दो सालों शिवकुमार और शंकर को पार्टी के बहाने घर बुलाया। घर पहुंचने पर उसने दोनों की हत्या कर दी। इसके बाद उनकी पत्नियों दिव्या और नलिनी, अपनी सास रूपवती तथा शिवकुमार के सात वर्षीय बेटे पुनीत को भी मौत के घाट उतार दिया।
खून के निशान मिटाने के लिए केमिकल का इस्तेमाल
पुलिस की जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी ने वारदात के बाद घर में फैले खून के निशान मिटाने के लिए केमिकल का इस्तेमाल किया। शवों को अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगाने के लिए कार का सहारा लिया गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया सिलबट्टा और कार जब्त कर ली है।
गुमशुदगी की शिकायत के बाद खुला सामूहिक हत्याकांड
मामले का खुलासा तब हुआ, जब नलिनी की मां ने उसके लापता होने की शिकायत श्रीरामपुरा थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की तो मामले की कड़ियां जुड़ती चली गईं। जांच के दौरान सात लोगों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी शेखर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कर रही अन्य पहलुओं की जांच
पुलिस के मुताबिक, नंदी हिल्स के पास से सात वर्षीय पुनीत का शव बरामद किया गया है। अन्य शवों की तलाश और बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। आरोपी की बेटी की संभावित भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। एक घरेलू विवाद के चलते सात लोगों की जान जाने की इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
News Wani
