Breaking News

सारण में दिल दहला देने वाला हादसा

 गड़खा (सारण) गड़खा थाना क्षेत्र के फुर्सतपुर चंवर स्थित एक पोखर में मंगलवार को नहाने गए चार मासूमों की डूबकर मौत हो गई। यह हृदय विदारक हादसा मकिनपुर पंचायत के मरिचा ठिकहा गांव की है। चारों बच्चे एक ही परिवार से जुड़े बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया और देखते ही देखते मातमी सन्नाटा पसर गया।

सूचना मिलते ही गड़खा थानाध्यक्ष शशि रंजन कुमार और सीओ नीली यादव पुलिस बल व गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से घंटों मशक्कत के बाद पोखर से चारों बच्चों के शव बाहर निकाले गए। हादसे के बाद पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

मृतकों की पहचान 14 वर्षीय आशिष कुमार (पिता – दरोगा सिंह), 11 वर्षीय मुन्ना कुमार (पिता – मंशी लाल सिंह), 11 वर्षीय अंकुश कुमार और 13 वर्षीय कृष्णा उर्फ करिमन कुमार (पिता – मैनेजर सिंह) के रूप में हुई है। चारों बच्चे आपस में घनिष्ठ पारिवारिक रिश्ते से जुड़े हुए थे।

स्वजनों ने बताया कि मंगलवार की दोपहर सभी बच्चे नहाने के उद्देश्य से पोखर की ओर गए थे। इसी दौरान गहराई में चले जाने से एक-एक कर सभी पोखर में डूब गए और उनकी जान चली गई।

हादसे की सूचना पूरे गांव में फैलते ही लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। शव बाहर निकलने के बाद स्वजन का करुण क्रंदन देख हर किसी की आंखें नम हो गईं। स्वजन अपने लालों को खोने के गम में बार-बार बेहोश हो रहे थे। पूरे गांव में मातमी माहौल है। लोग स्वजनों को ढांढस बंधाने में लगे हैं, लेकिन किसी के पास इस दुख की घड़ी को हल्का करने के लिए शब्द नहीं हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि पोखर की गहराई और किनारे पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण आए दिन बच्चों के लिए खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पोखर पर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए जाएं।

About Rizvi Rizvi

Check Also

IND vs SA: लखनऊ की पिच चौथे टी20 में किसका देगी साथ, बल्लेबाज या गेंदबाज, जानें किसका होगा राज

लखनऊ: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पांच मैचों की T20I सीरीज अब अपने निर्णायक मोड़ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *