प्रयागराज सबसे गर्म, वाराणसी दूसरे नंबर पर
सोमवार को प्रयागराज प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद वाराणसी में इसका पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं हमीरपुर में रात का तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सबसे गर्म रात रही। दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं।
अगले पांच दिन मौसम रहेगा शुष्क
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा है। शुष्क पछुआ हवाओं और मौसम की मौजूदा स्थिति के कारण कई जिलों में लू चलने की स्थिति बन गई है। अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा और गर्मी का असर और तेज हो सकता है।
इन 26 जिलों में लू का अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, शाहजहांपुर, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के इलाकों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।
इन जिलों में गर्म रातों का अलर्ट
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में उष्ण रात्रि की संभावना जताई गई है। यहां रात में भी गर्म हवाएं और बेचैनी बनी रह सकती है।
सावधानी बेहद जरूरी
विशेषज्ञों का कहना है कि दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें, ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं और बच्चों व बुजुर्गों का खास ध्यान रखें। क्योंकि इस समय लापरवाही हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्या पैदा कर सकती है।