Breaking News

प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर पर पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 5 की मौत; 15 झुलसे, कई मकान मलबे में तब्दील

प्रयागराज/कौशांबी। प्रयागराज और कौशांबी की सीमा पर सोमवार दोपहर एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने इलाके में तबाही मचा दी। कौशांबी के मोहम्मदपुर गांव में दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हुए धमाके में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि पटाखा फैक्ट्री पूरी तरह ढह गई। आसपास के कई मकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री से सटे करीब 5 से 7 मकान धमाके की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हुए हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से मकानों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

लगातार होते रहे धमाके, धुएं से घिरा पूरा इलाका

हादसे के बाद फैक्ट्री में रखे पटाखों के कारण लगातार छोटे-बड़े धमाके होते रहे। धमाके की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। कुछ ही देर में घटनास्थल के आसपास धुएं का घना गुबार छा गया। विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फैक्ट्री के आसपास मौजूद मकानों की दीवारें और छतें तक क्षतिग्रस्त हो गईं।

चारपाई पर घायलों को लेकर भागते दिखे ग्रामीण

विस्फोट के बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य में पुलिस का सहयोग किया। कई झुलसे लोगों को ग्रामीण चारपाई पर रखकर सुरक्षित स्थान और अस्पताल तक ले जाते दिखाई दिए। हादसे में एक बच्चा भी बुरी तरह झुलस गया, जिसे स्थानीय लोगों ने चारपाई के सहारे अस्पताल पहुंचाया।

मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी

धमाके के बाद कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई। एक महिला ने बताया कि उसकी बेटी का परिवार हादसे में ढह गए मकान के अंदर फंस गया। महिला के मुताबिक परिवार के पांच सदस्य मलबे में दबे हैं और काफी देर बाद भी उनका पता नहीं चल सका था।

हादसे में एक बच्ची बाल-बाल बची। उसने बताया कि घर में वह, उसकी मां और छोटा भाई मौजूद थे। बच्ची किसी तरह बाहर निकल आई, लेकिन उसकी मां और भाई मलबे में फंस गए।

पुलिस और एयरफोर्स की टीमें रेस्क्यू में जुटीं

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एयरफोर्स की टीमें मौके पर पहुंच गईं। मलबा हटाने के लिए बुलडोजर भी मौके पर बुलाए गए। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। आग पर काबू पाने के बाद अब मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा रही है।

कौशांबी के जिलाधिकारी के अनुसार, बचाए गए घायलों में कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए एसआरएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जबकि अन्य घायलों का भी इलाज कराया जा रहा है।

एयरफोर्स स्टेशन से करीब दो किलोमीटर दूर है घटनास्थल

हादसा कौशांबी जिले के मोहम्मदपुर गांव में हुआ, जो प्रयागराज की सीमा के पास स्थित है। घटनास्थल मनौरी स्थित एयरफोर्स स्टेशन से करीब दो किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। विस्फोट के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

प्रशासन की टीमें हादसे के कारणों और फैक्ट्री में मौजूद लोगों की संख्या की जांच कर रही हैं। फिलहाल राहत एवं बचाव अभियान प्राथमिकता पर है और मलबा हटाकर अन्य संभावित लोगों की तलाश की जा रही है।

About NW-Editor

Check Also

प्रयागराज में पल्लवी पटेल ने अतीक के परिवार से की मुलाकात, बोलीं- मुश्किल वक्त में साथ खड़ा होना जरूरी

प्रयागराज। अपना दल (कमेरावादी) की विधायक पल्लवी पटेल शुक्रवार को प्रयागराज के हटवा गांव पहुंचीं, …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *