Breaking News

सड़क और पेयजल की मांग को लेकर उद्योग व्यापार मंडल ने सदर विधायक से लगाई गुहार

फतेहपुर। लखनऊ रोड स्थित नई बस्ती उधननापुर (सुखदेव नगर) में सड़क निर्माण एवं पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग को लेकर उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश ने सदर विधायक को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग की है।
उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के संस्थापक अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा के नेतृत्व में स्थानीय नागरिकों ने सदर विधायक को संबोधित ज्ञापन में बताया कि नई बस्ती उधननापुर (सुखदेव नगर), जो नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत आती है, में सौ से अधिक मकान बने हुए हैं और यहां हजारों लोग निवास करते हैं। इसके बावजूद क्षेत्र आज भी सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है।
ज्ञापन में कहा गया कि क्षेत्र में पक्की सड़क न होने के कारण बरसात के मौसम में रास्तों पर जलभराव हो जाता है। कच्चे मार्ग तालाब का रूप ले लेते हैं, जिससे स्थानीय निवासियों, स्कूली छात्र-छात्राओं, महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार लोगों को कीचड़ और पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
इसके अलावा क्षेत्र में जलापूर्ति का कोई स्थायी संसाधन उपलब्ध नहीं है। स्थानीय लोगों को पेयजल के लिए निजी साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक और दैनिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों का कहना है कि नगर पालिका क्षेत्र में होने के बावजूद उन्हें आज तक मूलभूत सुविधाओं का लाभ नहीं मिल सका है।
उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश ने सदर विधायक से मांग की है कि नई बस्ती उधननापुर (सुखदेव नगर) में शीघ्र पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए तथा नियमित जलापूर्ति के लिए आवश्यक संसाधन एवं पाइपलाइन व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
इस अवसर पर उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के संस्थापक अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा, मनोज गुप्ता, घायल, रिंकू सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में क्षेत्र की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में आगे की रणनीति बनाई जाएगी।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में सड़क हादसों ने छीनी दो युवकों की जिंदगी, एक ने कानपुर में तोड़ा दम; दूसरा जिला अस्पताल में मृत

फतेहपुर। विगत चार दिनों के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में दो …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *