– मथैयापुर में एलिम्को शिविर, 350 वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगों का हुआ पंजीकरण
-शिविर में भाग लेते जिला पंचायत सदस्य अजय सिंह उर्फ रिंकू लोहारी।
फतेहपुर। वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम मथैयापुर में एलिम्को द्वारा सहायक उपकरण पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 350 वरिष्ठ नागरिकों एवं लगभग दो दर्जन दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया गया। पंजीकरण के बाद पात्र लाभार्थियों को व्हीलचेयर, छड़ी, बैसाखी, श्रवण यंत्र, कमर एवं गर्दन सपोर्ट बेल्ट सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
शिविर में मौजूद भाजपा के जिला पंचायत सदस्य अजय सिंह रिंकू लोहारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि 60 वर्ष से अधिक आयु के जरूरतमंद बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की यह योजना उनके जीवन को आसान बनाने के साथ-साथ उन्हें आत्मसम्मान के साथ जीने का अवसर भी प्रदान कर रही है। कहा कि जनसेवा ही मेरी राजनीति का मूल उद्देश्य है। सरकार की हर जनकल्याणकारी योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना मेरी जिम्मेदारी है। अब तक ऐसे शिविरों के माध्यम से 15 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को विभिन्न सहायक उपकरण उपलब्ध कराने में सहयोग किया जा चुका है। मथैयापुर में आयोजित शिविर में लकड़ी, रामपुर, पताहा, राधानगर, हवागांव सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में बुजुर्ग और दिव्यांग पहुंचे। पंजीकरण के बाद लाभार्थियों ने सरकार की इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सहायक उपकरण मिलने से उनका दैनिक जीवन काफी सहज हो जाएगा। इस अवसर पर लकड़ी गांव के प्रधान मुन्ना पासवान, गोवर्धनपुर के पूर्व प्रधान आसाराम विश्वकर्मा सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

News Wani