– आयुष्मान आरोग्य मंदिर के गेट पर पड़ा ताला।
फतेहपुर। बहुआ ब्लाक के ग्राम सिमौर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में व्याप्त अनियमितता, कर्तव्यहीनता एवं योजना के उद्देश्यों को बाधित किए जाने को लेकर मानव लोक अधिकार सेवा संस्थान ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जांच कराकर कार्रवाई किए जाने की मांग की। मानव लोक अधिकार सेवा संस्थान के प्रदेश उपाध्यक्ष ने डीएम को दिए गए ज्ञापन में बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर सिमौर में निरंतर ताला बंद पाए जाने से आमजन को मिलने वाली प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं बाधित हो रही हैं, जो कि शासन की मंशा का स्पष्ट उल्लंघन है। यह स्थिति प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना-घर-घर तक सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य को प्रत्यक्ष रूप से विफल एवं तार-तार करने का कार्य कर रही है। बताया कि केंद्र पर तैनात सीएचओ कमलकांत द्वारा कार्यस्थल पर अनुपस्थित रहते हुए पंचायत सहायक से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराई जाती है। साथ ही, विश्वसनीय स्रोतों से यह भी ज्ञात हुआ है कि उक्त कर्मचारी पूर्व में भी रिश्वतखोरी के प्रकरण में संलिप्त पाए गए थे, किन्तु उनके विरुद्ध कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे उनके आचरण में कोई सुधार नहीं हुआ है। उन्होने डीएम से मांग किया कि प्रकरण की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कराते हुए दोषी कर्मचारी के विरुद्ध सेवा नियमों के अंतर्गत कठोरतम अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को निर्बाध एवं पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की गरिमा बनी रहे।

News Wani