बहुआ, फतेहपुर। लंबे समय से लंबित मांगों पर शासन स्तर से कोई ठोस निर्णय न लिए जाने के कारण ग्राम रोजगार सेवकों का आक्रोश बढ़ गया है। मानदेय में वृद्धि, कैशलेस चिकित्सा सुविधा और ईपीएफ भुगतान सहित विभिन्न मांगों को लेकर ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा ने प्रदेशव्यापी कार्य बहिष्कार करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। संगठन ने निर्णय लिया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा की ओर से 19 नवंबर को खंड विकास अधिकारी, बहुआ को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेश के ग्राम रोजगार सेवक लंबे समय से अपनी समस्याओं के समाधान के लिए शासन और विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर रहे हैं। इसी क्रम में 13 नवंबर को आयुक्त, ग्राम्य विकास विभाग के साथ संगठन की वार्ता हुई थी। इसमें समस्याओं के निस्तारण के लिए एक सप्ताह का समय मांगा गया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बावजूद कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
संगठन की प्रमुख मांग है कि ग्राम रोजगार सेवकों का मासिक मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये किया जाए। इसके अलावा कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने, ईपीएफ का भुगतान सुनिश्चित करने और अन्य सेवा संबंधी समस्याओं का शीघ्र निस्तारण किया जाए।
मोर्चा ने विशेष रोजगार सृजन सप्ताह के दौरान कार्य बहिष्कार का आह्वान किया है। मांगों पर कार्रवाई न होने तक प्रदेशभर के ग्राम रोजगार सेवकों से हड़ताल जारी रखने की अपील की गई है। इससे रोजगार सृजन सप्ताह के तहत होने वाले कार्यों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
ब्लॉक अध्यक्ष राकेश तिवारी के नेतृत्व में रोजगार सेवकों ने खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाने और उनका जल्द समाधान कराने की अपील की। इस दौरान ब्लॉक के अन्य ग्राम रोजगार सेवक भी मौजूद रहे।
News Wani
