Breaking News

दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, मुठभेड़ में एक आरोपी गिरफ्तार; पुलिसकर्मी की जैकेट पर लगी गोली

नई दिल्ली। दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मंगलवार सुबह एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसमें एक गोली हेड कॉन्स्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए AIIMS ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपियों की तलाश में कई टीमें लगाई गई थीं। जांच के दौरान मुख्य आरोपी आसिफ के अमर कॉलोनी इलाके में होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने कथित तौर पर तीन राउंड फायर किए। एक गोली हेड कॉन्स्टेबल राजेश की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद पुलिसकर्मी ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी।

मंदिर में दर्शन के बाद पार्क गई थी किशोरी

पुलिस के अनुसार, किशोरी सोमवार शाम करीब 7 बजे अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर गई थी। दर्शन के बाद दोनों करीब 7:30 बजे गेट नंबर-7 से आस्था कुंज पार्क में पहुंचे। आरोप है कि वहां तीन युवक उनके पास पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताया।

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने किशोरी और उसके दोस्त को धमकाया। इसके बाद किशोरी को उसके दोस्त से अलग कर सुनसान स्थान पर ले जाया गया। आरोप है कि एक आरोपी ने पिस्टल और चाकू दिखाकर किशोरी को डराया और इसके बाद तीनों आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपियों ने धमकी देकर उसे छोड़ दिया।

रात में मिली घटना की सूचना

पुलिस को सोमवार रात करीब 8:45 बजे PCR कॉल के जरिए घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही अमर कॉलोनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। वहां किशोरी अपने दोस्त के साथ मिली। पुलिस ने किशोरी की मेडिकल जांच AIIMS में कराई।

घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्र किए।

मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी आसिफ के DM ऑफिस रोड के पास मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने उसे घेरने और रोकने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल से एक बाइक, पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए हैं। FSL और क्राइम टीम ने मौके की दोबारा जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं।

दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने मामले में BNS और POCSO एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के साथ ही पुलिस उसके दो अन्य साथियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

सितंबर में नाबालिगों से जुड़े कई मामले

दिल्ली में सितंबर महीने में नाबालिगों से दुष्कर्म के कई मामले सामने आए हैं। 12 सितंबर को स्वरूप नगर में 14 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला सामने आया था। इसके बाद 16 सितंबर को सदर बाजार इलाके में 10 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया। इन घटनाओं ने राजधानी में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाई है।

NCRB के 2024 के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में POCSO एक्ट के तहत 1,553 मामले दर्ज किए गए थे। यह आंकड़ा औसतन प्रतिदिन चार से अधिक मामलों के बराबर है। 2025 की NCRB रिपोर्ट अभी उपलब्ध नहीं है।

About NW-Editor

Check Also

NEET परीक्षा व्यवस्था पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, NTA मुख्यालय का निरीक्षण करेंगे जज

नई दिल्ली। NEET समेत देश की प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं की सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *