Breaking News

फतेहपुर जा रही रोडवेज बस का स्टेयरिंग फेल, ट्रक में घुसी; चालक-परिचालक समेत पांच घायल, मोहनलालगंज में हुआ हादसा; 18 यात्री थे सवार

सुबह 10:20 बजे आलमबाग से फतेहपुर के लिए निकली थी बस

लखनऊ/फतेहपुर। आलमबाग बस अड्डे से फतेहपुर जा रही रोडवेज बस मंगलवार को लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई। यूपीएल फैक्ट्री के पास अचानक बस का स्टेयरिंग फेल होने से चालक नियंत्रण नहीं रख सका और बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में चालक और परिचालक समेत पांच लोग घायल हो गए।
बस चालक हरिओम (34) के मुताबिक रोडवेज बस सुबह करीब 10:20 बजे आलमबाग बस अड्डे से फतेहपुर के लिए रवाना हुई थी। बस में कुल 18 यात्री सवार थे। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र स्थित यूपीएल फैक्ट्री के पास पहुंचते ही अचानक स्टेयरिंग ने काम करना बंद कर दिया। चालक ने बस को संभालने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान वह आगे जा रहे ट्रक से टकरा गई।
चालक समेत पांच घायल, दो किए गए रेफर
हादसे में चालक हरिओम, परिचालक मुकेश कुमार (46), निवासी कानपुर देहात, वासुदेव निर्मल (68), निवासी साकेत नगर लालगंज, रायबरेली, अतुल सिंह (28) और अशोक कुमार (35) घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने हरिओम और वासुदेव निर्मल को आगे के उपचार के लिए रेफर कर दिया। राहत की बात यह रही कि सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
दूसरी बस से फतेहपुर भेजे गए यात्री
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए दूसरी बस की व्यवस्था की गई। यात्रियों को दूसरी रोडवेज बस में बैठाकर फतेहपुर के लिए रवाना किया गया।
दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभाली, जबकि दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाने के लिए क्रेन की मदद ली गई।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में खेत के पेड़ पर मिला 38 वर्षीय युवक का शव, परिजनों में मचा कोहराम

फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के शिववंश का पुरवा गांव में रविवार को उस समय हड़कंप …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *