Breaking News

यूपी में 34 आईएएस अधिकारियों का तबादला, बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई जिलों को मिले नए डीएम

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए 34 आईएएस अधिकारियों की तैनाती में फेरबदल किया है। तबादला सूची में कई जिलों के जिलाधिकारियों को बदला गया है, जबकि शासन और विभिन्न विभागों में तैनात अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल के बाद हरदोई, एटा, कुशीनगर, कानपुर नगर, संतकबीरनगर, पीलीभीत, बलिया, अमेठी, बागपत, महोबा, बिजनौर और हाथरस समेत कई जिलों की प्रशासनिक कमान बदल गई है।

नई तैनाती के तहत अनुनय झा को हरदोई का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं हरदोई के जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय को विशेष सचिव, राज्य कर के पद पर भेजा गया है। आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एम. अरुन्मोली को एटा का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

इसी क्रम में संजय चौहान को कुशीनगर और महेंद्र सिंह तंवर को कानपुर नगर का जिलाधिकारी बनाया गया है। संतकबीरनगर के जिलाधिकारी आलोक कुमार को पीलीभीत की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि पीलीभीत के जिलाधिकारी नागेन्द्र सिंह को बलिया का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।

अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी इन्वेस्ट यूपी शशांक चौधरी को अमेठी का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं नगर आयुक्त मुरादाबाद दिव्यांशु पटेल को बागपत का जिलाधिकारी बनाया गया है।

महोबा, बिजनौर और हाथरस में भी बदले डीएम
विशेष सचिव नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति प्रभाष कुमार को महोबा का जिलाधिकारी बनाया गया है। विशेष सचिव पिछड़ा वर्ग कल्याण उमेश प्रताप सिंह को बिजनौर तथा विशेष सचिव नगर विकास सत्य प्रकाश पटेल को हाथरस का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

कई अधिकारियों को सीडीओ और अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां

तबादला सूची में जिलाधिकारियों के अलावा विकास और औद्योगिक विभाग से जुड़े अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है। अशोक कुमार को हमीरपुर का जिलाधिकारी बनाया गया है। देवरिया के मुख्य राजस्व अधिकारी विजय कुमार सिंह को मिर्जापुर का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन महाराजगंज संतोष बहादुर सिंह को मैनपुरी का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। वहीं मिर्जापुर के मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।

इसके अलावा मजल भारद्वाज को अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी इन्वेस्ट यूपी और निहित मदान को यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। जसजीत कौर को उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।

शासन स्तर पर भी अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

आनन्ददीप दुबे को नियंत्रक, विधिक बाट माप की जिम्मेदारी दी गई है। अस्मिता लाल को विशेष सचिव पिछड़ा वर्ग कल्याण के साथ निदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण और प्रबंध निदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण निगम का दायित्व सौंपा गया है।

अभिषेक गोयल को विशेष सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक, मंगला प्रसाद सिंह को प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ लिमिटेड, निधि श्रीवास्तव को विशेष सचिव उच्च शिक्षा और अरविंद सिंह को विशेष सचिव खाद्य एवं रसद बनाया गया है।

इसी तरह राजेंद्र पेंसिया को विशेष सचिव कारागार प्रशासन एवं सुधार, अतुल वत्स को विशेष सचिव राजस्व और चन्द्र शेखर को बस्ती भूमि विकास निगम में विशेष सचिव के पद पर तैनाती दी गई है।

प्रशासनिक व्यवस्था में दिखेगा असर

उत्तर प्रदेश शासन के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद कई जिलों में नई प्रशासनिक टीम काम संभालेगी। नए जिलाधिकारियों के कार्यभार ग्रहण करने के साथ स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था और जनसुनवाई से जुड़े कामकाज में भी नई प्राथमिकताएं देखने को मिल सकती हैं।

About NW-Editor

Check Also

KGMU में नर्सिंग छात्रों का आक्रोश, छात्रा की मौत के बाद विभाग का घेराव; छुट्टी न मिलने का लगाया आरोप

लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में सोमवार सुबह नर्सिंग छात्रों ने साथी छात्रा की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *