Breaking News

चित्र प्रदर्शनी में दिखी विकास की तस्वीर, जिला सूचना अधिकारी ने छात्राओं को बताईं जनकल्याणकारी योजनाएं, सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रेक्षा गृह में सजी प्रदर्शनी, रोजगार से महिला सशक्तिकरण तक की योजनाओं से रूबरू हुईं छात्राएं

फतेहपुर। सेवा संकल्प अभियान–‘जन सेवा से देश सेवा’ कार्यक्रम के तहत सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रेक्षा गृह में सूचना विभाग की ओर से लगाई गई चित्र प्रदर्शनी का लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज पनी की छात्राओं ने अवलोकन किया। छात्राओं ने प्रदर्शनी में चित्रों और फ्लेक्स के माध्यम से प्रदर्शित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी ली।
जिला सूचना अधिकारी ने छात्राओं को प्रदर्शनी में शामिल योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें रोजगार, आवास, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, कृषि, कौशल विकास, स्वरोजगार, एमएसएमई, पर्यटन एवं सांस्कृतिक विरासत सहित विभिन्न क्षेत्रों को शामिल किया गया है। प्रदर्शनी का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना और पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ लेने के लिए जागरूक करना है।
उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनसेवा की भावना को मजबूत करते हुए पात्र व्यक्तियों तक विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। जिला सूचना अधिकारी ने जनपदवासियों से भी अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने की अपील की।
रोजगार, आवास और कृषि योजनाओं की दी गई जानकारी
प्रदर्शनी में एयरपोर्ट के विस्तार एवं पांच इंटरनेशनल एयरपोर्ट, युवाओं को रोजगार एवं सरकारी नौकरी, कानून-व्यवस्था, एमएसएमई इकाइयों के विस्तार, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं और कार्यों को फ्लेक्स के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दिशा में कार्ययोजना के साथ कृषि क्षेत्र में गन्ना, चीनी, एथेनॉल, आम, दूध, आलू, मटर, गेहूं, शहद एवं अन्य कृषि उत्पादों से संबंधित उपलब्धियों की जानकारी भी प्रदर्शनी में दी गई।
महिला सशक्तिकरण की योजनाओं से रूबरू हुईं छात्राएं
महिलाओं और बेटियों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं में वन स्टॉप सेंटर, निराश्रित महिला पेंशन, महिला श्रम बल भागीदारी, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और स्वास्थ्य सखी से संबंधित जानकारियां प्रदर्शित की गईं। इसके अलावा ओडीओपी के माध्यम से विपणन सहायता, कॉमन फैसिलिटी सेंटर और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी उपलब्धियों को भी प्रदर्शनी में स्थान मिला।
कृषि क्षेत्र से संबंधित फ्लेक्स में खेतों में ड्रोन के उपयोग पर अनुदान, प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत सोलर पंपों की स्थापना, किसानों को सब्सिडी, कृषि यंत्रों की उपलब्धता, मंडियों के आधुनिकीकरण और ई-नाम जैसी डिजिटल सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई।
काशी-अयोध्या से सांस्कृतिक विरासत तक की झलक
प्रदर्शनी में काशी, अयोध्या और प्रयागराज सहित प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन स्थलों और विभिन्न आयोजनों से संबंधित विकास कार्यों को भी चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया। स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय निर्माण, निःशुल्क इलाज, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, डीबीटी के माध्यम से अनुदान भुगतान तथा कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी प्रदर्शित की गई।
इस मौके पर नमामि गंगे के संयोजक शैलेन्द्र शरन सिम्पल, शिक्षक रवि कुमार, जुबैरिया, सर्वेश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में तालाब में डूबने से 45 वर्षीय सुनील कुमार की मौत, रिश्तेदारी में आए थे युवक

फतेहपुर। बकेवर थाना क्षेत्र के तिवारियापुर गांव में रिश्तेदारी में आए 45 वर्षीय सुनील कुमार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *