महोबा। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कई कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़कों की बदहाली या अनफिट वाहनों के संचालन के कारण होने वाली किसी भी दुर्घटना पर संबंधित विभागों की जवाबदेही तय की जाएगी।
स्कूली छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने एआरटीओ, बीएसए और डीआईओएस को बिना फिटनेस व बीमा वाले वाहनों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में संचालित सभी बसों व वाहनों चालकों का चरित्र सत्यापन अनिवार्य रूप से पूरा कराया जाए। साथ ही, महिला विद्यालयों की बसों में महिला अटेंडेंट और पुरुष विद्यालयों की बसों में पुरुष अटेंडेंट की तैनाती सुनिश्चित की जाए। विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित कर इसकी अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी आदेश दिए गए।
सड़क हादसों को रोकने के लिए लोक निर्माण विभाग, एनएच, एनएचएआई और नगर पालिका को मार्गों के किनारे उगी झाड़ियों को प्राथमिकता से हटाने के निर्देश दिए गए, जिससे दृश्यता स्पष्ट हो सके। जिले की समस्त खराब व गड्ढायुक्त सड़कों का सर्वे कर 30 सितंबर तक मरम्मत व अन्य सुरक्षात्मक कार्य पूरा करने के कड़े निर्देश दिए गए। इसके अलावा, एनएचएआई छतरपुर को हमीरपुर चुंगी से किडारी फाटक तक सड़क के गड्ढों को भरकर मार्ग को सुगम बनाने को कहा गया। नगर निकायों को पुलिस के सहयोग से अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने और सीएमओ को ‘राहवीर योजना’ का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में एडीएम (वि./रा.), एसडीएम महोबा, चरखारी व कुलपहाड़, क्षेत्राधिकारी पुलिस, एआरटीओ, पीडब्ल्यूडी व एनएचएआई के अभियंता, विद्यालय प्रबंधक तथा आल्हा परिषद के अध्यक्ष दाऊ तिवारी, व्यापार मंडल अध्यक्ष रामजी गुप्ता और ट्रक यूनियन अध्यक्ष अल्ताफ हुसैन सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

News Wani