राजस्थान में प्राइवेट बसों और टैक्सियों की हड़ताल से लाखों पैसेंजर्स फंस गए हैं। करीब 35 हजार बसें सोमवार रात 12 बजे से नहीं चल रही हैं। हड़ताल का सबसे ज्यादा असर जयपुर, कोटा, उदयपुर, सीकर सहित अधिकतर शहरों में नजर आ रहा है। हड़ताल के कारण खाटूश्याम मेले के लिए दूसरे राज्यों से आए यात्री जयपुर में ही फंस गए हैं। उदयपुर में एक पैसेंजर्स अहमदाबाद जाने के लिए परेशान होता नजर आया। उसकी मां हॉस्पिटल में एडमिट है।
जयपुर में जो बसें सवारियां लेकर जा रही हैं, उन्हें बस ऑपरेटर्स खाली करवा रहे हैं। यहां तक कि पैसेंजर्स को बसों में से खींचकर उतारा जा रहा है। पैसेंजर्स की भीड़ को कंट्रोल करने के लिए जयपुर में पुलिस की भी तैनाती की गई है। हड़ताल प्रभावित शहरों के रेलवे स्टेशनों पर भी अचानक भीड़ बढ़ गई है। इधर हड़ताली ऑपरेटर्स ने आंदोलन को उग्र करने की चेतावनी दी है। एसोसिएशन का कहना है कि वे 28 फरवरी को अजमेर में होने वाली पीएम की रैली में भी बसें नहीं देंगे।
चक्काजाम की धमकी, जोधपुर में हड़ताल बेअसर
ऑल राजस्थान कॉन्ट्रैक्ट कैरिज बस एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने बताया कि सोमवार को उन्हें सचिवालय में वार्ता के लिए बुलाया गया था, लेकिन बातचीत में कोई सहमति नहीं बन सकी। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से आरसी सस्पेंड की गई बसों की सूची मंगवाई गई है और मंगलवार को फिर बातचीत होगी। शर्मा ने बताया कि रात 12 बजे से हड़ताल प्रभावी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर सहमति नहीं बनती है तो बस ऑपरेटर्स सड़कों पर उतरकर चक्का जाम करेंगे। वहीं, जोधपुर में मंगलवार सुबह प्राइवेट बसों का संचालन सामान्य रहा। यहां हड़ताल का असर नहीं दिखा।



15 लाख से ज्यादा पैसेंजर्स प्रभावित होने का दावा
निजी बस ऑपरेटर्स का दावा है कि टैक्सी यूनियन ने भी उनके समर्थन में हड़ताल की है। हालांकि, टैक्सी ऑपरेटर्स के किसी संगठन ने इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। वहीं, प्राइवेट बस संचालकों का कहना है राजस्थान से आने-जाने वाली 35 हजार बसों से डेली 15 लाख से ज्यादा पैसेंजर्स सफर करते हैं। हड़ताल होने से इन्हें परेशानी होगी। खाटूश्याम मेले के लिए जयपुर, सीकर, झुंझुनूं जैसे शहरों में दूसरे राज्यों से आए पैसेंजर्स फंसे हुए हैं। इन शहरों के रेलवे स्टेशन पर भी पैसेंजर्स लोड बढ़ गया है।
News Wani
