महोबा। जिले में आयोजित थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी प्रभास कुमार और पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने थाना श्रीनगर पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान थानाध्यक्ष श्रीनगर सुभाष चन्द्र सिंह सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। डीएम और एसपी ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। कई शिकायतों के निस्तारण के लिए राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें गठित की गईं, ताकि मौके पर जांच कर समस्याओं का जल्द समाधान किया जा सके।
अधिकारियों ने कहा कि थाना समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का पारदर्शी, त्वरित और न्यायसंगत निस्तारण करना है। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक मामले में गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी नगर रविकांत गोंड ने प्रभारी निरीक्षक कबरई और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में थाना कबरई में जनसुनवाई की। उन्होंने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित पुलिस और राजस्व अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त जिले के सभी थानों में थाना प्रभारियों ने राजस्व विभाग के साथ समन्वय बनाकर समाधान दिवस आयोजित किया। प्राप्त प्रार्थना पत्रों की जांच के लिए संयुक्त टीमें बनाई गईं और संबंधित मामलों में मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
News Wani
