फतेहपुर। शक्ति की आराधना का पर्व शारदीय नवरात्रि 11 अक्टूबर से शुरू हो रहा है। नवरात्रि पर्व को लेकर श्रद्धालुओं से लेकर प्रतिमाएं बनाने वाले कलाकारों में भी काफी उत्साह नजर आ रहा है। गणपति महोत्सव की तरह नवरात्रि में भी देवी प्रतिमाओं की अच्छी बिक्री होने की उम्मीद है। इसी के चलते मूर्तिकारों द्वारा एक फीट से लेकर दस फीट तक की प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। मूर्तिकारों के परिवार के लोग पूरे दिन देवी प्रतिमाओं को बनाने के साथ ही उन्हें सजाने-संवारने में जुटे हुए हैं। इस बार पिछले साल की अपेक्षा प्रतिमाओं के दामों में इजाफा भी हुआ है।
शहर के कलेक्टरगंज, राधानगर समेत अन्य कई स्थानों पर मूर्तिकारों द्वारा मां दुर्गा और अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। इन प्रतिमाओं को बनाने में महिलाओं और पुरुषों के अलावा बच्चे भी सहयोग कर रहे हैं। मूर्तिकारों ने मां की विभिन्न आकर्षक छोटी और बड़ी प्रतिमाएं तैयार की हैं।
इस समय पितृ पक्ष चल रहा है, लेकिन काफी लोगों ने अभी से प्रतिमाओं की बुकिंग करा दी है। कई लोग प्रतिमाओं को पसंद करने के लिए भी पहुंच रहे हैं। मूर्तिकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में ग्राहकों की संख्या में और इजाफा होगा, क्योंकि अब नवरात्रि में ज्यादा दिन नहीं बचे हैं। ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए ही मां की प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। फिलहाल प्रतिमाओं के रंग-रोगन और सजावट का काम अंतिम चरण में है।
15 हजार रुपये तक की कीमत वाली प्रतिमाएं
कलेक्टरगंज के मूर्तिकारों के अनुसार उनके पास 1,000 रुपये से लेकर 15,000 रुपये तक की प्रतिमाएं उपलब्ध हैं। करीब 10 फीट तक की प्रतिमाएं तैयार की गई हैं। इन्हें आकर्षक रंगों से सजाया गया है। मूर्तिकार पिछले दो महीने से दिन-रात मेहनत कर प्रतिमाएं तैयार करने में जुटे हैं। प्लास्टर ऑफ पेरिस और जूट आदि सामग्री का इस्तेमाल कर प्रतिमाएं बनाई गई हैं। अब तक छोटी-बड़ी 100 से अधिक देवी प्रतिमाएं तैयार हो चुकी हैं। करीब 20 से 25 लोग प्रतिमाओं की बुकिंग भी करा चुके हैं।
प्रतिमाओं का आकर्षक श्रृंगार
मूर्तिकारों ने बताया कि प्रतिमाओं को बाल, मुकुट, नग, मोतियों और गोटे से सजाकर संवारा जा रहा है। कुछ प्रतिमाओं को आकर्षक वस्त्र भी पहनाए गए हैं। सजी-धजी देवी प्रतिमाओं को लोग ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से भी काफी लोगों ने पहले से अपनी-अपनी प्रतिमाओं की बुकिंग करा दी है। सिंह वाहिनी मां दुर्गा, महिषासुर मर्दिनी और अष्टभुजी दुर्गा की प्रतिमाएं भी श्रद्धालुओं की पसंद बनी हुई हैं।
News Wani
