Breaking News

लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल फाउंडेशन से देश में होगा जनसेवा कार्य: विराज

– परदादा लाल बहादुर शास्त्री की विरासत संभालने मैदान में उतरे विराज शास्त्री
– 21 व 22 मार्च को निःशुल्क मेगा हेल्थ कैंप में मिलेगा स्वास्थ्य लाभ
– फाउंडेशन के अध्यक्ष विराज शास्त्री।
फतेहपुर। लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल फाउंडेशन के अध्यक्ष विराज शास्त्री ने समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू कर दी है। वह देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के परपोते हैं। इसके अलावा वह फतेहपुर के पूर्व सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री हरिकृष्ण शास्त्री के पोते और विभाकर शास्त्री के पुत्र हैं। विराज शास्त्री ने बताया कि वह अपने दादा पूर्व केंद्रीय मंत्री व फतेहपुर के पूर्व सांसद स्वर्गीय हरिकृष्ण शास्त्री के सपनों को साकार करने के लिए समाजसेवा के क्षेत्र में उतरे हैं। उन्होंने फाउंडेशन के माध्यम से पूरे देश में जनहित से जुड़े कार्य करने की बात कही है, जिससे लोगों को सुविधा और राहत मिल सके। उन्होंने अपनी समाज सेवा की शुरुआत फतेहपुर जनपद के हसवा ब्लॉक के कुसुंभी गांव से की है। यहां ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आरओ प्लांट की स्थापना कराई जा रही है, जिसका भूमिपूजन भी किया जा चुका है। विराज शास्त्री ने बताया कि आगामी 21 और 22 मार्च को नगर पालिका परिषद फतेहपुर क्षेत्र में निःशुल्क मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया जाएगा। यह कैंप ईसाइन पुरवा वार्ड और कलेक्टरगंज वार्ड के जयरामनगर में लगाया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 मार्च को जयरामनगर व 22 मार्च को ईसाइन पुरवा में कैंप का आयोजन होगा। फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस निःशुल्क कैंप में सामान्य बीमारियों की जांच के साथ-साथ आंखों की जांच और उपचार की भी व्यवस्था रहेगी। मरीजों को दवाएं दी जाएंगी और आगे चलकर चश्मों का वितरण भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन शिक्षा के क्षेत्र में भी काम करेगा। इसके लिए जल्द ही जिलाधिकारी से मुलाकात कर कुछ परिषदीय विद्यालयों को गोद लेने की योजना है। इसके सफल होने पर बड़े स्तर पर विद्यालयों को गोद लेकर शिक्षा सुधार की दिशा में काम किया जाएगा। विराज शास्त्री ने कहा कि फाउंडेशन पत्रकारों और उनके परिवारों के हित में भी काम करेगा। साथ ही आउटसोर्सिंग कर्मचारियों और उनके परिजनों को भी स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से लाभ पहुंचाया जाएगा। उन्होंने अपने परदादा एवं देश के सबसे ईमानदार प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के नारे जय जवान, जय किसान को आगे बढ़ाते हुए जय समाज के संदेश के साथ काम करने की बात कही। उन्होंने बताया कि इस कार्य में उन्हें अपनी माता ज्योति शास्त्री एवं पिता विभाकर शास्त्री का सहयोग मिल रहा है और उन्होंने युवाओं से भी समाज सेवा में सहयोग करने की अपील की है।

About NW-Editor

Check Also

ओमघाट गंगा आरती कर भक्तों ने किया दीपदान

– ओम घाट में गंगा आरती करते श्रद्धालु। फतेहपुर। गंगा बचाओ सेवा समिति, नमामि गंगे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *