आम आदमी पार्टी से भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं, जिनमें भ्रष्टाचार और महिला शोषण के आरोप शामिल हैं।

रोहित कुमार, चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) से भाजपा में गए राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। उनके खिलाफ दो एफआईआर दर्ज होने की चर्चाओं ने पंजाब से दिल्ली तक राजनीतिक माहौल गरमा दिया है।
जानकारी के मुताबिक एक मामला कथित करप्शन से जुड़ा बताया जा रहा है, जबकि दूसरा महिला शोषण से संबंधित है। हालांकि, अब तक न तो संबंधित थानों की आधिकारिक पुष्टि हुई है और न ही पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी साझा की गई है।
संदीप पाठक ने दी प्रतिक्रिया
डॉ. संदीप पाठक ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए साफ किया कि उन्हें किसी भी एफआईआर की जानकारी नहीं है। उनका कहना है कि न तो किसी पुलिस एजेंसी ने उनसे संपर्क किया है और न ही उन्हें किसी कार्रवाई की सूचना मिली है। उन्होंने कहा, ‘मैंने अपना पूरा जीवन ईमानदारी और निष्ठा के साथ देश की सेवा में लगाया है। देश किसी भी पार्टी से बड़ा है और मैं कभी इसके साथ विश्वासघात नहीं करूंगा। यह विरोधियों की घबराहट का संकेत हो सकता है।’
सूत्रों के अनुसार, इन मामलों में गैर-जमानती धाराएं लगाए जाने की बात सामने आ रही है। यह भी कहा जा रहा है कि पंजाब पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दिल्ली स्थित उनके आवास तक पहुंची थी। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर अभी तक पुलिस या संबंधित एजेंसियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। बताया जा रहा है कि केस की खबर सार्वजनिक होने से पहले ही डॉ. पाठक अपने घर से निकल गए थे।
राजिंदर गुप्ता के फैक्ट्रियों पर भी हुई थी छापामारी
इस बीच, उनके साथ भाजपा में शामिल हुए उद्योगपति राजिंदर गुप्ता भी चर्चा में हैं। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीपीसीबी) ने हाल ही में उनकी फैक्ट्रियों पर छापामारी की थी। मामला हाई र्ट पहुंचने पर 4 मई तक के लिए कार्रवाई पर रोक लगा दी गई है।
उल्लेखनीय है कि 25 अप्रैल 2026 को डॉ. संदीप पाठक ने राघव चड्डॉ. के साथ भाजपा का दामन थामा था। उनके साथ आप के 11 में से 7 राज्यसभा सांसदों ने पार्टी छोड़ी थी, जिससे प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव आया।
छत्तीसगढ़ के एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले डॉ. पाठक ने कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी से पीएचडी की है और आईआईटी दिल्ली में असिस्टेंट प्रोफेसर भी रह चुके हैं। 2016 में राजनीति में सक्रिय होने के बाद वे आप के अहम रणनीतिकार बने और 2022 में राज्यसभा पहुंचे।
News Wani
