वाराणसी : श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में मंगलवार की दोपहर एक युवक को खुफिया कैमरे वाले चश्मे के साथ पकड़ लिया गया. युवक मंदिर के गर्भगृह तक यह चश्मा लगाकर पहुंच गया था. युवक अपनी मां की फोटो खींच रहा था. इस दौरान पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. खुफिया विभाग ने भी युवक से पूछताछ की. जवाब से संतुष्ट होने पर युवक को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया.
चौक थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए युवक ने तेलंगाना के सिकंदराबाद से वाराणसी के लिए ट्रेन पकड़ी थी. वह हैदराबाद के पास के एक गांव का रहने वाला है. वह सॉफ्टवेयर इंजीनियर है, और विदेश में नौकरी करता है. रविवार को अपनी मां और परिवार के अन्य लोगों के साथ वह वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन के लिए पहुंचा था.
मां की तस्वीरें खींचते समय पकड़ा गया : चौक थाना प्रभारी ने बताया कि युवक और उसका परिवार मंदिर के पास एक गेस्ट हाउस में रुका था. मंगलवार को युवक खुफिया कैमरे वाला चश्मा लगाकर मंदिर के गर्भगृह तक पहुंच गया था. चश्मे में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी लगा था. युवक चश्मे में लगे कैमरे से मां की तस्वीरें खींच रहा था. इस दौरान सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ लिया.
इसके बाद चौक थाना पुलिस को सौंप दिया. वहां पुलिस ने उससे पूछताछ की. इसके बाद एटीएस और खुफिया विभाग की टीमों ने भी युवक से पूछताछ की. खींची गई तस्वीरों को भी खंगाला. इस दौरान कोई संदिग्ध डाटा या वीडियो नहीं मिला. इसके बाद युवक को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया.
युवक बोला- मुझे नहीं थी नियम की जानकारी : चौक थाना प्रभारी का कहना है कि मामला संवेदनशील था. इसलिए कई टीमों ने युवक से पूछताछ की. पूछताछ में युवक ने बताया कि उसे यह जानकारी नहीं थी कि मंदिर के कैंपस में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाना अलाउड नहीं है. वह कैमरे वाला चश्मा लगाकर अंदर चला गया. चेकिंग के दौरान भी वह पकड़ा नहीं गया. वह नॉर्मली अपने परिवार की तस्वीर ही ले रहा था. उसका कोई गलत मकसद नहीं था.
कैमरे वाले चश्मे के साथ राममंदिर में घुसा था युवक : इसी तरह का एक मामला इसी साल जनवरी महीने में अयोध्या में भी सामने आया था. राम जन्मभूमि परिसर में सभी चेकिंग प्वाइंट पार कर खुफिया कैमरों वाले चश्मे के साथ एक युवक राम मंदिर में सिंहद्वार के आगे तक पहुंच गया. फोटो लेने के दौरान चश्मे की लाइट जलने पर वाचर को संदेह हो गया. इस पर युवक को पकड़ लिया गया. उसकी पत्नी भी साथ में थी. दोनों गुजरात के वडोदरा से रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंचे थे. सुरक्षा एजेंसियों ने युवक से पूछताछ कर उसे छोड़ दिया था.
News Wani
