Breaking News

मेरठ में कपड़ा व्यापारी की दिनदहाड़े हत्या, कातिल का सनसनीखेज कबूलनामा

 

यूपी के मेरठ में लिसाड़ीगेट थाना इलाके की राधना वाली गली में शनिवार को बाइक से घर जा रहे कपड़ा कारोबारी अबरार (45) की मीट कारोबारी उजैर (20) ने पीठ पर तमंचा सटाकर गोली मारकर एलानिया हत्या कर दी। भागते समय आरोपी को लोगों ने पकड़कर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी ने बृहस्पतिवार को ही अबरार को जान से मारने की धमकी दी थी। वारदात के बाद अन्य आरोपी फुरकान, मुकीम, मोबिन और इमरान फरार हो गए। इस वारदात में पशुओं के अवैध कटान की मुखबिरी और संपत्ति विवाद की बात सामने आ रही है। देर रात उजैर को तमंचा बरामदगी के लिए पुलिस खुशहाल नगर में पानी की टंकी के पास लेकर पहुंची, आरोपी ने छिपाया हुआ तमंचा उठाकर पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गया।

मृतक के परिजनों ने बताया कि अबरार की घर से करीब एक किलोमीटर दूर सोफिया टेक्सटाइल्स के नाम से कपड़े की दुकान है। शनिवार दोपहर बाद साढ़े तीन बजे वह दुकान से बाइक पर खाना खाने घर जा रहे थे। करीब सौ मीटर दूर पहुंचने पर उजैर, फुरकान, मुकीम, मोबिन और इमरान ने घेर लिया।उजैर ने तमंचे से अबरार को गोली मार दी। अबरार बाइक सहित नीचे गिर गए। आरोपी ने भागते समय फिर से गोली चलाई, इस बार गोली नहीं लगी।

इसी दौरान आसपास के दुकानदार दौड़े और अबरार को उठाकर पास के अस्पताल ले गए। डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह, सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार के साथ कई थानों की पुलिस पहुंची। एसपी सिटी के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि अबरार की दुकान के पास उसके ताऊ और पिता की मीट की दुकान है।  जांच में सामने आया है कि अबरार पुलिस की मुखबिरी करता था। वह आए दिन अवैध कटान की शिकायत करता था। कई बार आरोपी के पिता और ताऊ को जेल भी जाना पड़ा था। तब से दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी।

पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। अबरार को गोली मारने वाले आरोपी उजैर को लोगों ने दबोचकर जमकर पीटा। पुलिस ने किसी तरह उसे बचाया और थाने पर ले गई। इस दौरान उसने पुलिस को बताया कि अबरार उसके पिता को लगातार हत्या की धमकी दे रहा था। अगर वह अबरार की हत्या नहीं करता तो अबरार उसके पिता की हत्या कर देता। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि भागे हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस की तीन टीमें उनकी खोजबीन में लगी हैं। वहीं, घटना की विवेचना में संपत्ति से जुड़े विवाद के साथ ही अन्य संभावित तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। इसमें मुखबिरी का भी मामला है। इस वारदात से क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस बल तैनात है।

About NW-Editor

Check Also

GST घोटाले का पर्दाफाश: करोड़ों की चोरी करने वाले गैंग पर STF की बड़ी कार्रवाई, 5 गिरफ्तार

  मेरठ: यूपी के मेरठ में STF ने करोड़ों रुपए की GST चोरी करने वाले गैंग …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *