गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के बीरभूम में जनसभा की। उन्होंने कहा कि ममता दीदी कहती हैं कि महिलाओं को शाम 7 बजे के बाद घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। उन्हें शर्म आनी चाहिए। हमारी सरकार आएगी तो बच्चियां रात 1 बजे भी बाहर निकल पाएंगी। TMC सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कैश फॉर क्वेरी, 26 हजार शिक्षकों की भर्ती, गाय तस्करी और पीएम आवास में TMC ने घोटाले किए।
इन घोटालों में बंगाल की जनता के 5000 करोड़ रुपए गायब हो गए। हमारी सरकार बनते ही हम TMC से पाई-पाई का हिसाब लेंगे। UCC (समान नागरिक संहिता) पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि हम बंगाल में UCC लाएंगे। आज बंगाल में कुछ लोग चार शादियां करते हैं, हमारे कानून बनने के बाद वे ऐसा नहीं कर पाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि TMC ने BSF की फेंसिंग के लिए जमीन नहीं दी। हमारी सरकार बनते ही BSF को राज्य की सीमा पर फेंसिंग के लिए जमीन दे दी जाएगी।
वहीं पश्चिम बंगाल के सूरी में एक चुनावी सभा के दौरान ममता बनर्जी ने कहा- 19 राज्य और केंद्र सरकार मेरे खिलाफ एकजुट हो गए हैं, मैं अकेले ही आम लोगों के लिए लड़ रही हूं।
बीरभूम में 11 में से 10 विधायक TMC के
बीरभूम TMC का मजबूत गढ़ माना जाता है। 2021 में बीरभूम जिले की 11 में से 10 सीटों पर TMC जीती थी। यहां ध्रुवीकरण भी एक बड़ा मुद्दा रहा है। बीरभूम में 63% हिंदू और 37% मुस्लिम आबादी है। BJP ने पिछले कुछ सालों में यहां अपना जनाधार बढ़ाया है और अवैध बालू खनन, भ्रष्टाचार और हिंसा जैसे मुद्दों को लेकर TMC को घेर रही है।
2 चुनावी राज्यों में आज के बड़े अपडेट्स…
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को शाम 4 बजे ‘मेरा बूथ-सबसे मजबूत संवाद’ कार्यक्रम के माध्यम से तमिलनाडु के भाजपा कार्यकर्ताओं से वर्चुअल संवाद करेंगे।
- आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल के मयूरेश्वर, दुबराजपुर और रानीगंज में 3 जनसभाएं करेंगे। इसके बाद गृह मंत्री दुर्गापुर में रोड शो भी करेंगे।
- भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन तमिलनाडु के अरंथंगी, गंधर्वकोट्टई और तंजावुर में जनसभा करेंगे।
- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा- बीजेपी ने बंगाल में टीएमसी सरकार को सत्ता से हटाने के लिए 1000 करोड़ की डील की है।
News Wani
