छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक बेटे ने अपनी मां की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। मां की हत्या करने के बाद वह लाश के पास करीब दो घंटे तक बैठा रहा। हत्या की जानकारी जब पड़ोसियों को हुई तो उन्होंने मामले की जानकारी सरपंच को दी। सरपंच मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस आई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मामला फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के जोगिडीपा गांव का है। बताया जा रहा है कि मछली की सब्जी नहीं बनाने की वजह से वारदात को अंजाम दिया है। जानकारी के मुताबिक मृतका का नाम चंदा बाई नंदे है। उसके बेटे कमलेश नंदे ने उसकी हत्या की है। कमरे के अंदर लाश के पास खून ही खून बिखरा मिला। महिला के बदन पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं।
दरअसल, शुक्रवार रात कमलेश नंदे मछली लेकर आया था। उसने मां से मछली की सब्जी बनाने को कहा लेकिन रात ज्यादा होने के कारण मां ने सब्जी बनाने से इंकार कर दिया। शनिवार सुबह जब कमलेश नंदे सो कर उठा तो उसने देखा मछलियों में चींटियां लग गई। इससे वह गुस्से से आगबबूला हो गया। जिसके बाद उसने पास में रखी कुल्हाड़ी से मां के सिर पर 3-4 बार वार कर दिया।
कुल्हाड़ी के हमले से मां की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या करने के बाद कमलेश नंदे मां की लाश के पास बैठ गया। कमरे में चारों तरफ खून ही खून फैला था। कुल्हाड़ी में भी खून लगा था। मर्डर के करीब दो घंटे बाद पड़ोसियों को वारदात की जानकारी मिली। उन्होंने फौरन सरपंच और कोटवार को बताया। कोटवार ने तुरंत फिंगेश्वर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची।
News Wani
