सीतापुर। गुरुवार की सुबह लहरपुर में तंबौर मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने के बावजूद तेज रफ्तार से चल रही एक प्राइवेट बस सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकराई। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के वक्त बस में करीब 35 यात्री सवार थे, जिनमें से 4 यात्रियों को गंभीर चोटें आईं हैं। घायलों में खलीकुन निशा (45) पत्नी इस्लाम, जो कि सबसे गंभीर रूप से घायल हुई हैं, रोशन (49) पुत्र महेश, मनसुखा (45) पुत्र देवकी, और प्रेम सागर पाण्डेय (66) पुत्र राधेलाल शामिल हैं। प्रेम सागर पाण्डेय ने बताया कि कोहरे के कारण चालक को सड़क पर खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया, जिसके चलते यह टक्कर हुई। घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची और सभी घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। दुर्भाग्यपूर्ण बात यह रही कि हादसे के तुरंत बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। बस में सवार अन्य यात्री भी दूसरे साधनों से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार बस चालक की तलाश कर रही है और हादसे के कारणों की गहनता से जाँच की जा रही है।

News Wani