नागौर जिले के भावंडा थाना इलाके के भटनोखा गांव में अवैध प्रेम प्रसंग में हत्या का खौफनाक मामला सामने आया है. यहां एक युवक को मारकर उसे जमीन में गाड़ दिया गया. इस युवक का गांव के ही एक शख्स की पत्नी के साथ अवैध प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसकी भनक उसके पति को लग गई थी. इससे गुस्साए पति ने पत्नी के प्रेमिका को उठाया और अपनी माइंस में ले जाकर उसे पीट-पीटकर मार डाला. बाद में जेसीबी से अपनी ही माइंस में गड्डा खोदकर उसे वहीं दफन कर दिया. लेकिन छह दिन बाद इस वारदात का राजफाश हो गया. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.
भावंडा थानाधिकारी मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रेम प्रसंग में हत्या के शिकार हुए युवक का नाम मुकेश गालवा था. उसका बीते कुछ समय से गांव के ही सोहनराम की पत्नी के साथ अवैध प्रेम प्रसंग चल रहा था. लेकिन सोहनराम को मुकेश पर शक हो गया था. इस बीच 27 अगस्त को मुकेश अचानक लापता हो गया. उसके बड़े भाई महेंद्र जाट ने इस संबंध में पुलिस को रिपोर्ट दी. महेन्द्र ने बताया कि उसका छोटा भाई 27 अगस्त की रात करीब नौ बजे गणपति स्थापना के कार्यक्रम में जाने की बात कहकर निकला था. लेकिन उसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा.
महेन्द्र ने अपनी रिपोर्ट में उसने शक जताया कि उसके भाई की हत्या गांव के ही सोहनराम और उसके परिवारजनों ने की है. इस पर पुलिस ने केस की जांच पड़ताल की. पुलिस ने शक के आधार पर सोहनराम को पकड़कर पूछताछ की. पुलिस की सख्ती से सोहनराम टूट गया और उसने मुकेश की हत्या करना कबूल कर लिया. उसने बताया कि मुकेश के उसकी पत्नी से अवैध संबंध थे. इसलिए उसे मार डाला. पुलिस ने बुधवार को सोहनराम की निशानदेही उसकी माइंस में गाड़ा गया मुकेश का शव बरामद कर लिया.
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोहनराम और मुकेश दोनों भटनोखा गांव के रहने वाले हैं. सोहनराम की गांव के पास ही लाइम स्टोन की माइंस है. सोहनराम ने मुकेश को 27 अगस्त की रात को ही उठा लिया था. उसके बाद वह उसे अपनी माइंस में ले गया. वहां उसने उसे पीट-पीटकर मार डाला. बाद में खुद की जेसीबी से माइंस में गड्डा खोदकर उसे गाड़ दिया. लेकिन उसका प्लान ज्यादा दिन तक चल नहीं पाया और वह पकड़ा गया.
पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि मुकेश गालवा का परिवार पहले से ही संकट झेल रहा था. उसके पिता भंवरूराम गालवा का पिछले साल हार्ट अटैक से निधन हो गया था. परिवार में तीन भाई हैं. उनमें मुकेश सबसे छोटा था. सभी खेती बाड़ी के कामकाज से जुड़े हुए हैं. पिता की मौत के बाद भाइयों ने मिलकर खेती-बाड़ी संभाली. लेकिन अब मुकेश की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.
आरोपी ने पुलिस के सामने खुलासा किया कि उसने घटना वाली रात करीब तीन बजे मुकेश की हत्या कर दी थी. शव को छिपाने के लिए उसने अपनी खान का सहारा लिया. भटनोखा से सेनणी रोड की ओर मामाजी मंदिर से लगभग 600 से 700 मीटर अंदर अपनी खुद की जेसीबी मशीन से गड्डा खोदा और लाश को उसमें दबाकर ऊपर से रेत और छोटे पत्थर डाल दिए. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा. फिलहाल पुलिस सभी एंगल से पूरे मामले की जांच कर ही है.
News Wani
