Breaking News

नाले में मिला किसान का शव, मौत पर रहस्य के बादल!

बरेली के आंवला थाना क्षेत्र के पनवड़िया गांव निवासी विनोद का शव गांव के पास नाले में मिला। विनोद की पत्नी राधा ने बताया कि 12 मार्च को उनके पति लापता हो गए थे। 14 मार्च को उसने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। विनोद की तलाश में परिजन दर-दर भटक रहे थे। शक के आधार पर उन्होंने कुछ लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर भी दी थी, पर पुलिस ने उसे नजरअंदाज करते हुए खुद ही तलाश करने के लिए कह दिया था। बृहस्पतिवार सुबह गांव के बाहरी हिस्से में कम पानी वाले नाले में विनोद का शव मिला तो परिजनों व ग्रामीणों ने रोड पर जाम लगा दिया।

थाना प्रभारी केबी सिंह मौके पर पहुंचे तो लोग और भड़क गए। आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगे। सीओ नितिन कुमार ने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि विनोद शराब के आदी थे। विनोद के पास पिता के अलावा उनके दो चाचा व ताऊ की भी संपत्ति थी। चाचा व ताऊ की कोई संतान नहीं थी। इस संपत्ति पर भी कुछ लोगों की नजर थी। वे विनोद को नशा करने के लिए कर्ज भी दे दिया करते थे। ग्रामीण ने आशंका जताई कि संपत्ति विवाद में ही विनोद की हत्या की गई होगी। हो सकता है कि उनके साथ खाने-पीने वालों ने ही किसी बात पर कहासुनी के बाद हत्या कर दी हो।

राधा की ओर से दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा गया है कि विनोद 12 मार्च को गेहूं की फसल की सिंचाई करने गए थे। उनका गांव के मुनिपाल उर्फ मुन्नालाल, रामगोपाल व विश्वजीत से पहले अपने खेत में पानी लगाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी को लेकर आरोपियों ने विनोद की हत्या कर दी। एक साल पहले इन्हीं ने विनोद का खेत गिरवी रखने का इकरारनामा कराया था, लेकिन रकम नहीं दी थी। विनोद के शव की हालत इतनी खराब थी कि उसकी पहचान भी मुश्किल हो रही थी। शव के हाथ पर गुदे नाम से उसकी पहचान हो सकी। पत्नी ने कपड़े भी पहचान लिए। पोस्टमॉर्टम में डूबने से मौत के संकेत मिले। हालांकि, घटनास्थल पर डूबने लायक पानी नहीं था और मृतक का गला व पेट साफ था। इसलिए यह माना जा रहा है कि विनोद की हत्या पानी में डुबाकर की गई होगी।

विनोद की पत्नी राधा झारखंड की निवासी हैं। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। राधा ने बताया कि झगड़े वाले दिन वह पति के लिए खेत पर खाना लेकर गई थीं और रात में वे लापता हो गए। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस से की थी। संदेह के आधार पर कुछ लोगों के नाम भी बताए गए थे, पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। पुलिस कहती रही कि खुद ही विनोद कहीं चले गए होंगे। आप लोग खोजो, पता चले तो हमें बताना। एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि परिजनों ने गांव के तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाकर रिपोर्ट कराई है। आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

About NW-Editor

Check Also

खौफनाक विस्फोट! गोदाम में अचानक क्यों हुआ ब्लास्ट?

बरेली जिले के किला थाना क्षेत्र के बाकरगंज इलाके में एक बड़ा हादसा हो गया. …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *