कभी-कभी एक छोटी सी लापरवाही बड़ी बहस का कारण बन जाती है. ऐसा ही हुआ जब ट्रेन संख्या 12987 अजमेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. वीडियो में रेलवे का OBHS (On Board Housekeeping Service) कर्मचारी चलती ट्रेन से कचरा रेलवे ट्रैक पर फेंकते हुए नजर आया. यात्री ने इस नजारे को कैमरे में कैद किया और इंटरनेट पर डाल दिया, फिर क्या था…रेलवे की सफाई नीति पर सवालों की झड़ी लग गई.
वायरल वीडियो लगभग 1 मिनट का है. ट्रेन तेज रफ्तार से दौड़ रही है और वॉशरूम के पास खड़ा कर्मचारी कचरे से भरी थैली को बाहर ट्रैक पर फेंक देता है. नाम के हैंडल ने इसे पोस्ट करते हुए लिखा, ‘भारतीय रेलवे की कड़वी सच्चाई.’ वीडियो पर अब तक 1.8 मिलियन व्यूज और 27 हजार से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं. हजारों लोगों ने रेलवे से जवाब मांगा कि, ‘अगर यही सफाई है, तो पर्यावरण की जिम्मेदारी कौन लेगा?’
रेलवे का एक्शन- नौकरी से निकाला और फर्म पर जुर्माना: वीडियो वायरल होते ही उत्तर पश्चिम रेलवे ने ट्वीट में DRM अजमेर को टैग किया. डीआरएम ऑफिस की जांच में पाया गया कि कर्मचारी का नाम संजय सिंह है. उसे तुरंत सेवा से बर्खास्त कर दिया गया और संबंधित कॉन्ट्रैक्टर फर्म पर भारी जुर्माना लगाया गया. रेलवे ने साथ ही कहा कि, ‘अब सभी OBHS स्टाफ को विशेष अभियान के तहत नामित स्टेशनों पर ही कचरा निपटाने की सख्त हिदायत दी गई है.’
यूजर्स बोले- सिर्फ निकालना काफी नहीं : रेलवे की कार्रवाई पर भी लोगों ने सवाल उठाए. एक यूजर ने लिखा, ‘उसे निकालने से क्या फायदा? ट्रेन में सफाई की असली ट्रेनिंग दीजिए.’ दूसरे ने कहा, ‘कैमरे में पकड़ा गया इसलिए कार्रवाई हुई, बाकी जो नहीं पकड़े जाते उनका क्या?’ कई लोगों ने तो रेलवे से जुर्माने की कॉपी और सबूत भी मांगे.
News Wani
