Breaking News

यूपीआई पेमेंट पर अतिरिक्त चार्ज का विरोध, व्यापार मंडल ने पीएम मोदी और सीएम योगी से की मांग

फतेहपुर। डिजिटल भुगतान के बढ़ते चलन के बीच यूपीआई लेन-देन पर शुल्क लगाए जाने की चर्चा को लेकर व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है। उत्तम उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मनोज साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर यूपीआई भुगतान पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पहले से ही महंगाई, मंदी और कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना कर रहे व्यापारियों पर अतिरिक्त शुल्क लगाने से आर्थिक बोझ बढ़ेगा, जिसका सबसे अधिक असर छोटे दुकानदारों पर पड़ेगा।

मनोज साहू ने अपने पत्र में कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और सरकार को कर के रूप में राजस्व देने में महत्वपूर्ण योगदान करते हैं। छोटे से लेकर बड़े व्यापारी तक विभिन्न प्रकार के करों का भुगतान करते हैं। इसके बावजूद व्यापारियों को कई बार संदेह की नजर से देखा जाता है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल भुगतान व्यापारियों और ग्राहकों, दोनों के लिए सुविधाजनक माध्यम बन चुका है। ऐसे में यूपीआई लेन-देन पर अतिरिक्त शुल्क लगाने का फैसला व्यापारियों के हितों के विपरीत होगा।

मनोज साहू ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से इस विषय पर पुनर्विचार करने तथा यूपीआई भुगतान को शुल्कमुक्त बनाए रखने की मांग की। उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने और डिजिटल इंडिया के लक्ष्य को मजबूत करने के लिए यूपीआई पर किसी भी तरह का अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं डाला जाना चाहिए।

उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र और प्रदेश सरकार व्यापारी समाज की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए व्यापारियों के हित में निर्णय लेंगी।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में एनसीसी शिविर के दौरान 550 कैडेटों ने सीखा सैन्य अनुशासन, नेतृत्व और देशसेवा का पाठ

खागा, फतेहपुर। रानी चंद्रप्रभा महाविद्यालय में आयोजित सीएटीसी-72 एनसीसी प्रशिक्षण शिविर में शनिवार को करीब …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *