Breaking News

लखनऊ शिक्षक MLC सीट पर उमेश द्विवेदी की लगातार तीसरी जीत, शिक्षकों के हक के लिए संघर्ष का किया वादा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लखनऊ खंड शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी उमेश द्विवेदी ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की है। जीत के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया। साथ ही शिक्षकों के सम्मान, अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने का भरोसा दिलाया।

उमेश द्विवेदी ने कहा कि भाजपा ने एक सामान्य शिक्षक को राजधानी लखनऊ की शिक्षक सीट से लगातार तीसरी बार चुनाव लड़ने का अवसर दिया, जिसके लिए वह पार्टी के आभारी हैं। उन्होंने उन शिक्षकों का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने दोबारा उन पर विश्वास जताया और तीसरी बार अपना प्रतिनिधि चुना।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों के आन-बान और सम्मान की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता है। यदि शिक्षकों के हितों के लिए किसी से भी टकराने की जरूरत पड़ी, तो वह पीछे नहीं हटेंगे। उनकी जीत के बाद समर्थकों ने जश्न मनाया और उन्हें बधाई दी।

स्नातक सीट पर कांती सिंह ने शुरुआती दौर में बनाई बढ़त

लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के शुरुआती रुझानों में समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी कांती सिंह भाजपा प्रत्याशी अवनीश सिंह से आगे रहीं। पहले राउंड में कांती सिंह को 6,579 वोट मिले, जबकि अवनीश सिंह को 4,387 मत प्राप्त हुए। इस तरह शुरुआती दौर में कांती सिंह ने 2,192 मतों की बढ़त बनाई।

पहले राउंड में कुल 13,980 मतों की गिनती हुई थी। इस सीट पर कुल नौ राउंड में मतगणना होनी थी। शुरुआती बढ़त के बाद दोनों दलों के समर्थकों की निगाहें अगले राउंड के परिणामों पर टिकी रहीं।

भाजपा ने सभी सीटों पर जीत का जताया भरोसा

भाजपा प्रत्याशी अवनीश सिंह ने दावा किया कि पार्टी सभी 11 सीटों पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने लखनऊ स्नातक सीट पर भी भारी बहुमत से जीत मिलने की उम्मीद जताई। वहीं, कांती सिंह ने मतगणना प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए अपनी जीत का भरोसा जताया।

सपा प्रत्याशी ने कुछ बूथों पर एजेंटों को रोके जाने, फर्जी मतदान और मतपत्रों के बंडलों में अनियमितताओं के आरोप लगाए। उनका दावा था कि इन घटनाओं से करीब एक हजार से दो हजार मत प्रभावित हुए। दूसरी ओर, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अभय किशोर ने मतगणना प्रक्रिया को पारदर्शी बताते हुए कहा कि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतों की गिनती कराई जा रही है।

दो निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अलग-अलग मतगणना व्यवस्था

मतगणना स्थल के दोनों हॉल में 14-14 टेबल लगाई गई थीं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 13 प्रत्याशी, जबकि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 16 उम्मीदवार मैदान में थे। शिक्षक सीट पर उमेश द्विवेदी और सपा प्रत्याशी सुशील कुमार के बीच मुकाबला था, जबकि स्नातक सीट पर भाजपा के अवनीश सिंह और सपा की कांती सिंह आमने-सामने थे।

शिक्षक सीट पर उमेश द्विवेदी की जीत से भाजपा समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। वहीं, स्नातक सीट पर शुरुआती रुझानों ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया। अंतिम परिणाम के लिए सभी की निगाहें मतगणना के शेष चरणों पर टिकी थीं।

About NW-Editor

Check Also

लखनऊ में तिहरे हत्याकांड से दहशत, पुलिस अधिकारियों पर गिरी गाज; एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या से मचा कोहराम

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या की घटना से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *