न्यूज़ वाणी ब्यूरो, फतेहपुर। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बुधवार को महात्मा गांधी पीजी कॉलेज में संचालित जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए प्रशिक्षकों द्वारा दी जा रही जानकारी को सुना और कर्मचारियों को जनगणना कार्य पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण कार्य है, जिसमें प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका बेहद अहम होती है। इसलिए सभी प्रशिक्षणार्थियों को निर्धारित प्रक्रिया, नियमों और दिशा-निर्देशों की पूरी जानकारी होनी चाहिए, ताकि जनगणना का कार्य सही तरीके से पूरा किया जा सके।
उन्होंने कहा कि एक अच्छे प्रगणक के लिए धैर्यपूर्वक लोगों की बात सुनना, सही जानकारी एकत्र करना और सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करना आवश्यक है। प्रशिक्षण के दौरान यदि किसी कर्मचारी को किसी भी प्रकार की शंका हो, तो उसका तत्काल समाधान कराया जाए, जिससे कार्यक्षेत्र में किसी तरह की परेशानी न आए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जाए। सभी प्रतिभागियों को जनगणना की कार्यप्रणाली के प्रत्येक महत्वपूर्ण पहलू की जानकारी दी जाए, ताकि वे अपने दायित्वों को बेहतर ढंग से समझ सकें।
उन्होंने जनगणना संबंधी कार्यों में सटीकता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही कहा कि सभी कर्मचारी निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपने कार्यों को पूरी निष्ठा से संपन्न करें।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण की प्रक्रिया और उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर सहित संबंधित अधिकारी, प्रशिक्षक और प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
News Wani
