फतेहपुर। दीपावली पर्व पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जिले में अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से दूध, मिठाई और सरसों के तेल समेत कुल आठ नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। वहीं, 300 लीटर दूषित दूध और पांच किलो दूषित मिठाई नष्ट कराई गई, जबकि 30 किलोग्राम सरसों का तेल सीज किया गया।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय वीरेंद्र सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान किशनपुर थाना क्षेत्र के सिरौली स्थित विनय प्रताप सिंह की डेयरी से दूध का नमूना लेने के बाद शेष 300 लीटर दूध नष्ट कराया गया। विभाग के अनुसार, दूध को फटने से बचाने के लिए उसमें हाइड्रोजन पेरोक्साइड मिलाया गया था।
शाहपुर विजयपुर में पिंटू के दुग्ध वाहन से दूध का नमूना लिया गया। इसी क्षेत्र में शिवकरन यादव की डेयरी से भी दूध का नमूना एकत्र किया गया और पांच किलो दूषित मिठाई नष्ट कराई गई।
खागा स्थित जया स्वीट हाउस से पेड़े का नमूना लिया गया, जबकि सागर गुप्ता के प्रतिष्ठान से सरसों के तेल का नमूना लेकर 30 किलोग्राम तेल सीज किया गया।
इसके अलावा तांबेश्वर के पास शिव डेयरी से मिश्रित दूध, अल्लीपुर स्थित विशाल स्वीट हाउस से छेना मिठाई और राधानगर स्थित मुरारी स्वीट हाउस से बर्फी का नमूना एकत्र किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सभी आठ नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनुराधा कुशवाहा, सिद्धार्थ कुमार, धीरज कुमार दीक्षित, देवेश कुमार मिश्रा और दिनेश चंद्र शामिल रहे।
News Wani
