फतेहपुर। शहर के पटेलनगर स्थित नीलकंठ पैलेस में संस्कार टीम की बैठक आयोजित हुई। इसमें उपस्थित सदस्यों ने एकमत होकर सेवा, सहयोग, समर्पण और संस्कार की भावना के साथ मानव कल्याण के लिए अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। बैठक में टीम के विस्तार, बच्चों में संस्कार विकसित करने के लिए कार्यशालाएं आयोजित करने, विद्यालयों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाने तथा राष्ट्रीय, सामाजिक और जनहित में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने पर चर्चा हुई।
संस्कार टीम के सदस्य किशन मेहरोत्रा ने कहा कि टीम का विस्तार किया जाएगा। टीम का प्रत्येक सदस्य नेतृत्व की भावना के साथ नई सोच और नए जोश से समाजहित में अपनी अग्रणी भूमिका निभाएगा। राजेंद्र साहू ने बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करने के उद्देश्य से संस्कार कार्यशालाएं आयोजित करने का सुझाव दिया।
चंद्रभान सिंह त्यागी ने कहा कि संस्कार टीम सेवा और समर्पण की भावना के साथ मानव, पशु-पक्षियों के कल्याण के लिए कार्य करने को संकल्पित है। वहीं, राहुल मिश्रा ने प्रत्येक माह विद्यालयों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का सुझाव रखा।
राजेश अवस्थी ने राष्ट्रहित, समाजहित और जनहित में आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न त्योहारों पर सेवा शिविर आयोजित करने की बात कही।
बैठक के अंत में संस्कार टीम के मुखिया संतोष तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित सदस्यों ने राष्ट्रहित, समाजहित और जनहित में कार्य करने की शपथ ली।
इस दौरान जीपी मिश्रा, सीमा बाजपेई, प्रखर शुक्ला, राजकुमार, राकेश सिन्हा और शिवशंकर साहू सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
News Wani
