Breaking News

मिट्टी लगाते समय अचानक ढही दीवार, महिला की दबकर हुई मौत पांच बेटों और पांच बेटियों के सिर से उठा मां का साया

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, जसपुरा (बांदा)। बांदा जिले के जसपुरा थाना क्षेत्र की अमारा ग्राम पंचायत में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय महिला की कच्ची दीवार के मलबे में दबकर मौत हो गई। महिला अपने घर की कच्ची दीवार पर मिट्टी लगाकर उसकी मरम्मत कर रही थी। इसी दौरान अचानक दीवार भरभराकर उसके ऊपर गिर गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। महिला की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमारा गांव निवासी पच्ची (55) पत्नी भीखम वर्मा मंगलवार को अपने घर की कच्ची दीवार पर मिट्टी लगा रही थीं। इसी दौरान अचानक दीवार ढह गई और वह मलबे में दब गईं। घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

पांच बेटों और पांच बेटियों के सिर से उठा मां का साया

महिला की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतका के पांच बेटे और पांच बेटियां हैं। मां की मौत से बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया। घर में कुछ देर पहले तक चल रही सामान्य गतिविधियां अचानक मातम में बदल गईं। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

हादसे की सूचना मिलने पर जसपुरा थाना प्रभारी राधाकृष्ण तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए बांदा भेज दिया।

सपा नेता ने परिजनों से मिलकर जताई संवेदना

घटना की जानकारी मिलने पर समाजवादी पार्टी के तिंदवारी विधानसभा अध्यक्ष प्रमोद निषाद भी अमारा गांव पहुंचे। उन्होंने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

About NW-Editor

Check Also

बांदा में दो उपनिरीक्षकों को मिला निरीक्षक पद, एसपी ने स्टार लगाकर किया सम्मानित

बांदा। जिले में तैनात दो उपनिरीक्षकों को निरीक्षक पद पर पदोन्नति मिलने से पुलिस विभाग …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *