फतेहपुर। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी व जिले में सुबह से हुई रिमझिम बारिश के चलते मौसम ने एक बार फिर से अपना रुख बदल लिया है। मंगलवार को ठंड ने लोगों को दोबारा कंपकंपी का एहसास कराया। सुबह से ही मौसम ने ठंड का प्रकोप बढ़ा दिया था। लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए और ठंड से बचाव के लिए अलाव या गर्म चाय का सहारा लेते दिखे। महज दस दिन पहले मौसम पूरी तरह खुल चुका था और चिलचिलाती धूप के कारण लोग गर्म कपड़े पहनना भी बंद कर चुके थे। ऐसा लग रहा था कि अब सर्दी का दौर खत्म हो गया है, लेकिन हिमालयी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी ने मौसम का मिजाज बदल दिया। पिछले कुछ दिनों से उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के असर से मैदानी इलाकों में भी ठंड में इजाफा हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों तक मौसम इसी तरह बना रहने की संभावना है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी या छिटपुट बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी। लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें, गरम पेय पदार्थों का सेवन करें और विशेष रूप से बुजुर्गों व बच्चों का खास ख्याल रखें। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में सतर्क रहने की अपील की है।

News Wani