बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र के जोगी नवादा शेर अली गौटिया में युवक का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस को शव के साथ कमरे से सुसाइड नोट भी मिला। इसमें युवक ने पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया है। रविवार को सुबह पौने 11 बजे बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय को सूचना मिली कि शेर अली गौंटिया में इमरान अंसारी (32) ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी है।
पुलिस पहुंची तो कपड़े के फंदे से शव लटका हुआ था। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम बुलाई। प्रारंभिक जांच में पता लगा कि शव दो-तीन दिन पुराना है। पूरा शरीर फूल गया है और फफोले पड़ गए हैं। कमरे में एक कॉपी पर कागज रखा मिला। उस पर पेंसिल से लिखा था कि पत्नी ने धोखा दिया है। पुलिस ने इमरान के पिता इलियास से बात की। इलियास ने बताया कि तीनों बेटों रिजवान, इमरान व अयान का परिवार एक ही घर में रहता है। इमरान नशे का आदी था और घर में झगड़ा करता था।
इस लिए उसे छत का हिस्सा दिया गया था। बाकी दोनों भाइयों का परिवार व माता-पिता नीचे रहते हैं। इमरान का निकाह पीलीभीत के पूरनपुर निवासी युवती से पांच साल पहले हुआ था। इमरान का बेटा हमदान तीन साल का है। इमरान की हरकतों से तंग आकर पत्नी माहभर पहले मायके चली गई थी। हमदान को इमरान ने रोक लिया था। वह नीचे इलियास के साथ रह रहा था।
इलियास ने पुलिस को बताया कि इमरान अक्सर तीन-चार दिन तक घर नहीं आता था। इसलिए उन्हें पता ही नहीं था कि वह छत पर अपने कमरे में है। रविवार को बदबू आने लगी तो पड़ोसियों ने भी टोका। तब वह लोग छत पर देखने गए। इमरान का कमरा अंदर से बंद था। पुलिस को सूचना देने के बाद उन्होंने गेट तोड़कर शव निकाला। इंस्पेक्टर बारादरी धनंजय पांडेय ने बताया कि इमरान की पत्नी को बुलाया गया है। माना जा रहा है कि नशा ज्यादा होने पर ही इमरान ने आत्महत्या की है। परिजन सुसाइड नोट इमरान का ही बता रहे हैं। हैंड राइटिंग की जांच कराई जाएगी। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
News Wani
