अफगानिस्तान के पूर्वी कुनार प्रांत में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां एक स्कूल के पास स्थित विस्फोटक गोदाम में जोरदार धमाका होने से 10 बच्चों की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने BBC को घटना की जानकारी दी। शुरुआती रिपोर्ट में मृतकों की संख्या 6 से 7 बताई गई थी, लेकिन बाद में यह आंकड़ा बढ़कर 10 हो गया।
विस्फोटक गोदाम में रखे थे खनन कंपनियों के डायनामाइट
कुनार के सूचना एवं संस्कृति विभाग के निदेशक के मुताबिक, स्कूल के बगल में बने गोदाम में खनन कंपनियों के विस्फोटक रखे हुए थे। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, विस्फोट होने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सुबह करीब 10 बजे हुआ जोरदार धमाका
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 बजे असदाबाद शहर के बाहरी इलाके अंडार सेर में यह विस्फोट हुआ। घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए अभियान चलाया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज
अधिकारियों के अनुसार, घायलों में से 15 लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे में घायल अन्य लोगों को भी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई है। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गोदाम में रखे विस्फोटक किन परिस्थितियों में फटे।
खनन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
अफगानिस्तान में खनन उद्योग एक बड़ा कारोबार है। यहां विभिन्न प्रकार के खनिज और कीमती पत्थरों का उत्खनन किया जाता है। हालांकि, खनन कंपनियों में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। कुनार की इस घटना ने विस्फोटक सामग्री के भंडारण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।
News Wani
