मोबाइल पाकर जनता के चेहरे पर मुस्कान
ब्यूरो संजीव शर्मा
इटावा । अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, कानपुर एवं पुलिस उप महानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र, कानपुर के निर्देशन में तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर इटावा अभयनाथ त्रिपाठी द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम में इटावा सर्विलांस एवं विशेष कार्य दल द्वारा अथक परिश्रम करते हुए जनता के खोये हुए विभिन्न कम्पनियों के कुल 101 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपये है, को बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सकुशल सुपुर्द किया गया। आमजनमानस द्वारा मोबाइल फोन गुम हो जाने पर भारत सरकार के संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग द्वारा संचालित केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर पोर्टल (संचार साथी पोर्टल) पर शिकायतें दर्ज करायी गयी थीं, साथ ही उत्तर प्रदेश पुलिस नागरिक एप पर गुमशुदा वस्तु रिपोर्ट तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा को संबोधित प्रार्थना पत्र भी प्रस्तुत किये गये थे, जिनका संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा द्वारा सर्विलांस टीम को गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी हेतु निर्देशित किया गया था।
इसी क्रम में इटावा सर्विलांस एवं विशेष कार्य दल द्वारा इलेक्ट्रॉनिक एवं मैनुअल साक्ष्यों का संकलन कर गहन जांच की गयी, जिसके परिणामस्वरूप जनता के कुल 101 गुमशुदा मोबाइल फोन सफलतापूर्वक तलाश किये गये, जिन्हें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा द्वारा दिनांक 14 जनवरी 2026 को उनके वास्तविक मोबाइल मालिकों को वितरित किया गया। अपने खोये हुए मोबाइल फोन पुनः प्राप्त होने पर मोबाइल मालिकों द्वारा प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इटावा पुलिस का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया गया। बरामद मोबाइलों में ओप्पो कम्पनी के 05 मोबाइल, वीवो कम्पनी के 32 मोबाइल, रियलमी कम्पनी के 25 मोबाइल, रेडमी कम्पनी के 11 मोबाइल, सैमसंग कम्पनी के 05 मोबाइल, इनफिनिक्स कम्पनी के 04 मोबाइल, टेक्नो कम्पनी के 03 मोबाइल, पोको कम्पनी के 02 मोबाइल, वन प्लस कम्पनी के 04 मोबाइल, मोटोरोला कम्पनी के 04 मोबाइल, आईक्यू कम्पनी के 02 मोबाइल, लावा कम्पनी के 02 मोबाइल, नथिंग कम्पनी का 01 मोबाइल तथा आईटेल कम्पनी का 01 मोबाइल शामिल है। इस सराहनीय कार्य में उप निरीक्षक बेचन कुमार सिंह प्रभारी विशेष कार्य दल, उप निरीक्षक नागेन्द्र सिंह प्रभारी सर्विलांस, मुख्य आरक्षी कुलदीप यादव, मुख्य आरक्षी राशिद खाँ, मुख्य आरक्षी जगपाल, मुख्य आरक्षी धर्मेन्द्र, मुख्य आरक्षी दुष्यन्त, मुख्य आरक्षी सुधीर, आरक्षी आनन्द कुमार, आरक्षी अनुज कुमार, आरक्षी अंकित, आरक्षी सुरजीत, आरक्षी अरविन्द कुमार, आरक्षी आदेश कुमार, आरक्षी डेविड चौहान एवं आरक्षी पुष्पेन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उक्त सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा द्वारा टीम को 25,000 रुपये नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
News Wani
